Uttarakhand

Vidhan Sabha election 2027: धामी ने मंडल अध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र, विपक्ष पर बोला हमला

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल मंडल के जिला अध्यक्षों व मंडल अध्यक्षों के साथ की बैठक, बोले- कार्यकर्ताओं को जनता तक पहुंचाना होगा सच, विपक्ष परीक्षा और भर्ती व्यवस्था को लेकर फैला रहा भ्रम

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 9 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की जीत की तैयारियों में सभी पार्टियां जुट गई हैं। इसी क्रम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर बीजेपी ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा गढ़वाल मंडल के जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की एक दिवसीय बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी परीक्षा पास करने का मंत्र दिया। वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा और भर्ती व्यवस्था को लेकर भ्रम फैला रहा है।

हरिद्वार रोड स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में सीएम धामी ने कहा कि केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार की योजनाओं और पीएम मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे बौखला कर विपक्ष झूठ, भ्रम और अफवाहों की राजनीति कर रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को तथ्यात्मक जवाब देने व सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें:

धामी ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। एक नकल प्रकरण सामने आने पर सरकार ने कठोर कार्रवाई की और नकल विरोधी कानून के तहत कई नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिना पर्ची और बिना खर्ची के पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं को इसका सच जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का तीसरा चरण शुरू करने जा रही है। इसमें कार्यकर्ताओं को योजनाओं से वंचित पात्रों तक उनका लाभ पहुंचाना होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने संगठन को आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष पार्टी और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाना जरूरी है। भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाकर अयोग्य मतदाताओं और घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहता है। बैठक में तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’, संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस और बूथ सशक्तीकरण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड दौरे पर सीएम योगी, धार्मिक आयोजनों में हुए शामिल

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button