
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 10 अगस्त 2026ः
हरिद्वार में खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को हर की पैड़ी से कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने का मौका मिले इस कामना के साथ खेल मंत्री ने कांवड़ उठाई। इसके बाद ऋषिकेश रवाना हुईं। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी महाराज और महामंत्री महंत हरि गिरी महाराज व महेश पुरी महाराज सहित कई साधु-संत मौजूद रहे।

कांवड़ उठाने से पहले मंत्री रेखा आर्य ने हर की पैड़ी पर मां गंगा को नमन किया। विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद जयघोष के साथ कांवड़ यात्रा रवाना हुई। खेल मंत्री गंगाजल लेकर लगभग 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगी और ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगी।

उन्होंने कहा कि उनके दो संकल्प हैं। पहला संकल्प वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की सफल मेजबानी भारत को मिले और उसका सफल आयोजन हो। दूसरा संकल्प भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उनके दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान शिव से कामना है कि उनके दोनों संकल्प पूर्ण हों और भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होगी, बल्कि देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश भी देगी। खेल मंत्री ने एक साल पहले भी पैदल कांवड़ यात्रा की थी।






