Varanasi

Varansi : पिता की चिता बुझने पर होटल लौटा परिवार, कुछ घंटे बाद कमरे में मिली मां-बेटे की लाश

तबीयत खराब रहने के कारण महाराष्ट्र से धार्मिक स्थानों की यात्रा करने निकला था परिवार, कारोबारी की मौत के बाद हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया, देर रात होटल पहुंचकर मां-बेटे ने जहरीला पदार्थ खाया, कमरे से सल्फास मिला, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

वाराणसी, 11 अगस्त 2026:

महाराष्ट्र के रायगढ़ से बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी आए एक परिवार के साथ ऐसा हादसा हुआ जिसने सभी को झकझोर दिया। कारोबारी विशाल मुखर्जी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार करने के कुछ घंटे बाद पत्नी जया मुखर्जी और बेटे ईशान मुखर्जी ने होटल के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मामला लक्सा थाना क्षेत्र का है।

7 अगस्त को होमस्टे में बुक कराया था कमरा

विशाल मुखर्जी अपनी पत्नी जया मुखर्जी और 26 वर्षीय बेटे ईशान के साथ काशी दर्शन के लिए आए थे। परिवार ने 7 अगस्त को वाराणसी पहुंचकर लक्सा क्षेत्र में एक होम स्टे में चार दिन के लिए कमरा लिया था। बताया गया कि विशाल लंबे समय से बीमार थे। इलाज से राहत नहीं मिलने पर उन्होंने धार्मिक यात्रा पर निकलने का फैसला किया था। पिछले करीब तीन महीने से परिवार देश के अलग-अलग धार्मिक स्थलों की यात्रा कर रहा था।

ये भी पढ़ें:

दो दिन बाद बिगड़ी तबीयत फिर हुई मौत

काशी आने के बाद परिवार ने घाटों की सैर की गंगा स्नान और धाम का दर्शन भी किया। दो दिन बाद 9 अगस्त की रात अचानक विशाल की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। होटल कर्मचारियों की मदद से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार ने रिश्तेदारों को सूचना दी और उनकी सहमति के बाद सोमवार को हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।

मां-बेटे ने होटल लौटने के बाद उठाया यह कदम

अंतिम संस्कार के बाद जया और ईशान वापस होटल लौट आए। शाम को रूम सर्विस के लिए पहुंचे कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खुलवाने पर मां और बेटे मृत मिले। कमरे से सल्फास भी बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस क्या कह रही है

एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि शुरुआती जांच में पिता की मौत के सदमे में मां और बेटे द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  ऑटो चालक के बेटे ने एशियन एथलेटिक्स में झटका कांस्य पदक... कॉलेज व ट्रेनिंग सेंटर में जश्न

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button