
सीतापुर, 13 अगस्त 2026:
सीतापुर के रेउसा इलाके में अकसोहा स्थित एक निजी स्कूल प्रशासन बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते मिला। छात्रों को लाने ले जाने वाली स्कूल वैन में क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाया गया। एक जागरूक राहगीर ने वाहन रोका, वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। वैन में बच्चों की संख्या तो ज्यादा थी ही उसके गेट तक जर्जर व जोखिम भरे मिले। वीडियो जिला प्रशासन तक पहुंचा। परिवहन विभाग एक्शन में आया और गुरुवार सुबह स्कूल पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने 9 सीटर वैन को सीज कर दिया, वहीं 32 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
9 सीटर वैन में मिले 15 से ज्यादा बच्चे
जानकारी के मुताबिक रेउसा अकसोहा स्थित स्कूल की वैन में तय क्षमता से कहीं ज्यादा, 15 से अधिक बच्चों को बैठाकर लाया जा रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर वायरल किया और गोपनीय शिकायत के साथ डीएम को भेज दिया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
स्कूल पहुंची टीम, मचा हड़कंप
डीएम के निर्देश पर एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे। जांच में शिकायत सही मिलने पर वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग ने वाहन पर 32 हजार रुपये का चालान भी किया। कार्रवाई के दौरान स्कूल प्रबंधन में हलचल रही।

सुरक्षा नियमों से समझौता नहीं, दूसरे स्कूल वाहनों की भी हो सकती है जांच
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सबसे अहम है। किसी भी स्कूल वाहन में तय क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य स्कूल वाहनों की भी जांच तेज होने की संभावना है। परिवहन विभाग अब फिटनेस, परमिट, क्षमता समेत सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर फोकस करेगा।

अभिभावक भी नाराज
वीडियो वायरल होने के बाद तमाम अभिभावक भी खफा हैं। उनका कहना है कि वैन सुविधा की मोटी रकम अदा करनी पड़ती है। ऐसे में इस तरह जोखिम में बच्चों को डालकर स्कूल प्रशासन लापरवाही कर रहा है। अगर हालात अब भी नहीं सुधरे तो विरोध दर्ज कराया जाएगा।






