Hardoi City

प्रेम विवाह का दुखद अंत: पत्नी की सांस थमने तक मुंह से नहीं हटाया तकिया, बेटे को लेकर हुआ था विवाद

पति-पत्नी के बीच बेटे के घर नहीं लौटने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने लिया खौफनाक मोड़, पांच बच्चों के सामने हुई वारदात, आरोपी पति हिरासत में, हत्या का केस दर्ज

हरदोई, 13 अगस्त 2026:

प्रेम विवाह करने वाले दंपती की कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। हरदोई के मुरारनगर गांव में बेटे के घर नहीं लौटने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पहले पत्नी की पिटाई की, फिर तकिए से उसका मुंह तब तक दबाए रखा, जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। वारदात के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

बेटे को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र के मुरारनगर निवासी आशाराम का बुधवार सुबह बेटे सूरज से विवाद हो गया था। मारपीट के दौरान पत्नी रामा बीच-बचाव करने पहुंची तो उसकी भी पिटाई कर दी गई। इसके बाद सूरज घर से निकल गया। देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर घर में फिर तनाव बढ़ गया।

ये भी पढ़ें:

पत्नी के आरोप पर भड़का पति

बताया जा रहा है कि देर रात नशे की हालत में घर पहुंचे आशाराम से रामा ने बेटे के बारे में सवाल किया। इसी दौरान उसने पति पर बेटे को मारपीट कर गायब करने का आरोप लगाया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि आशाराम ने पहले पत्नी को पीटा, फिर पास में रखा तकिया उसके मुंह पर दबा दिया। काफी देर तक तकिया नहीं हटाया, जिससे उसकी मौत हो गई।

hardoi-husband-kills-wife-with-pillow-crime-news (2)

बच्चों की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसी

घटना के वक्त घर में मौजूद बच्चों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्चों से घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए।

हत्या का केस दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर आशाराम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रामा अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गई है।

लखनऊ की युवती से किया था प्रेम विवाह

ग्रामीणों के अनुसार आशाराम की मुलाकात लखनऊ में बिहार निवासी रामा से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया और मुरारनगर में बस गए। कुछ वर्षों बाद आशाराम को नशे की लत लग गई, जिसके बाद परिवार में अक्सर विवाद रहने लगा। आखिरकार यही कलह इस दर्दनाक वारदात की वजह बन गई।

ये भी पढ़ें  मामा के अंतिम संस्कार में आया भांजा गंगा में डूबा, तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग, खोजबीन जारी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link