Lucknow City

लखनऊ को बड़ी सौगात! 25 एकड़ में शहर का पहला बायो-डायवर्सिटी पार्क, 15 अक्टूबर से आम लोगों की एंट्री

गोमती बेसिन के विलुप्तप्राय पौधों से लेकर देसी-प्रवासी पक्षियों तक का बनेगा प्राकृतिक ठिकाना, 14 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा पार्क, नेचर ट्रेल, वॉटर बॉडी, वॉच टावर और किड्स प्ले एरिया समेत मिलेंगी कई सुविधाएं

लखनऊ, 9 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ को जल्द ही हरियाली और जैव-विविधता की अनूठी सौगात मिलने जा रही है। गोमती नगर में दयाल पैराडाइज चौराहे के पास 25 एकड़ में शहर का पहला गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क आकार ले रहा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस पार्क को आगामी 15 अक्टूबर से आम नागरिकों के लिए खोलने की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क स्थल का निरीक्षण कर सभी बचे हुए कार्य हर हाल में 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

यह पार्क सिर्फ घूमने-फिरने की जगह नहीं होगा अपितु राजधानी में प्रकृति, शिक्षा और ईको-टूरिज्म का नया केंद्र बनने की दिशा में तैयार किया जा रहा है। सहारा ग्रुप से वापस ली गई ग्रीन बेल्ट की जमीन पर विकसित हो रहे पार्क में बटरफ्लाई गार्डेन, इंसेक्ट पोलिनेशन गार्डेन, नेचर ट्रेल, पाथ-वे, किड्स प्ले एरिया और वॉटर बॉडी बनाई जा रही है। इसके साथ ही वॉच टावर, बाउंड्रीवॉल, पार्किंग, आकर्षक इंट्री गेट और कार्यालय भी तैयार किया जा रहा है। लोगों के बैठने और आराम करने के लिए जगह-जगह गजीबो और बेंच भी लगाई जाएंगी।

पक्षियों के लिए बनेगा प्राकृतिक आशियाना

ये भी पढ़ें:

गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क की सबसे खास बात इसका देसी और प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास के रूप में विकास है। गोमती नदी के बेसिन में पाई जाने वाली पौधों की ऐसी विभिन्न प्रजातियों को भी यहां संरक्षित किया जा रहा है, जो वर्तमान में विलुप्त होने की कगार पर हैं। यानी पार्क में आने वाले लोगों को एक ही जगह स्थानीय वनस्पतियों और जैव-विविधता की समृद्ध दुनिया देखने को मिलेगी।

एलडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए 15 अक्टूबर तक पार्क को नागरिकों के लिए तैयार किया जाए। इससे राजधानी में हरियाली बढ़ने के साथ ही बच्चों और युवाओं को प्रकृति एवं जैव-विविधता को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
lucknow-first-gomti-bio-diversity-park-lda-prathamesh-kumar (2)

आईजीपी में भी बड़ी तैयारियां, बनेगा अत्याधुनिक मीटिंग हॉल

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) के अपग्रेडेशन कार्यों का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। अर्थ ब्लॉक में 150 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक मीटिंग हॉल विकसित किया जा रहा है, जिसे 30 सितंबर तक तैयार करने की समयसीमा तय की गई है। वहीं सैटर्न ब्लॉक में 600 लोगों की क्षमता वाले मैरिज हॉल का रेनोवेशन कराया जा रहा है। इसे 25 अक्टूबर तक संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। बजट होटल का भी निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
lucknow-first-gomti-bio-diversity-park-lda-prathamesh-kumar (3)

होटल हिलटन गार्डेन में पार्किंग से फायर सेफ्टी तक जांच

विभूति खंड स्थित होटल हिलटन गार्डेन में बने नए ब्लॉक का भी निरीक्षण किया गया। होटल प्रबंधन ने पूर्णता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। निरीक्षण के दौरान पार्किंग, फायर एग्जिट, सेटबैक और एसटीपी की स्थिति जांची गई। उपाध्यक्ष ने एसटीपी संचालन और अग्निशमन संबंधी एनओसी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार, मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें  कांग्रेस: शीर्ष नेताओं के सामने समीक्षा बैठक में भिड़े कांग्रेसी, जिलाध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button