
लखनऊ, 9 सितंबर 2026:
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। पिछले कई हफ्तों से अखिलेश पर लगातार निशाना साध रहे राजभर ने इस बार ‘अहीर-जहीर’ का जिक्र करते हुए सपा नेतृत्व को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राजभर ने लिखा… ‘अखिलेश भाई! अपने ‘अहीर’ और ‘जहीर’ को कंट्रोल कीजिए महाराज। ये बहुत अति मचाए हुए हैं। समाज का तो अहित कर ही रहे हैं, आपको भी ये निपटा देंगे।’ इसके बाद उन्होंने झांसी और हापुड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए सपा पर हमला बोला।
मंत्री राजभर ने दावा किया कि झांसी में एक सरकारी शिक्षक ने व्यापारी के अपहरण की घटना को अंजाम दिया जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं हापुड़ में गोकशी के मामले में एक आरोपी के एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया। इन घटनाओं को आधार बनाकर राजभर ने अखिलेश यादव से कथित तौर पर सपा से जुड़े अपराधियों पर लगाम लगाने की अपील की।
ओमप्रकाश राजभर के हमले लगातार जारी हैं। एक दिन पहले राजभर ने सपा छात्र सभा की नई यूनिफॉर्म को लेकर भी निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की यूनिफॉर्म की नकल कर नीली ड्रेस तैयार की है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ रंग और वर्दी की नकल करने से अनुशासन नहीं आ जाता। उन्होंने अखिलेश यादव को पीला गमछा पहनने की सलाह तक दे डाली।
अखिलेश भाई!
अपने 'अहीर’ और ‘जहीर' को कंट्रोल कीजिए महाराज। ये बहुत अति मचाये हुए हैं। समाज का तो अहित कर ही रहे हैं, आपको भी ये निपटा देंगे।
अभी कल की ही घटना देख लीजिए। झांसी में आपका 'अहीर', जो कि सरकारी मास्टर है, उसने एक व्यापारी, जो कि बनिया समाज से आते हैं, उनका अपहरण…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) September 9, 2026
राजभर ने अपने पोस्ट में यहां तक कहा कि अगर अखिलेश यादव अपने लोगों को अनुशासन नहीं सिखा पाए तो आपके ‘अहीर और जहीर’ आपको 2027 में 27 सीट भी नहीं जीतने देंगे। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा पर सीधा राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
उधर, अखिलेश यादव फिलहाल राजभर के लगातार हमलों को ज्यादा तवज्जो देते नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में राजभर पर पलटवार करते हुए कहा कि ओमप्रकाश राजभर को इलाज की जरूरत है।
चुनाव से पहले यूपी की सियासत में मुद्दों से आगे बढ़कर व्यक्तिगत तंज और तीखे बयानों की जंग भी तेज होती दिखाई दे रही है। आने वाले दिनों में राजभर और सपा के बीच यह जुबानी टकराव किस स्तर तक पहुंचता है, यह देखना दिलचस्प होगा।






