
विजय पटेल
रायबरेली, 9 सितंबर 2026ः
यूपी के रायबरेली में सियासी हंगामे के बीच दिशा की बैठक स्थानीय सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई। इसमें सड़क व स्कूलों की बदहाली के साथ ही कई बुनियादी सुविधाओं के मद्दे को जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने जोरशोर से उठाया। राहुल गांधी ने गड्ढायुक्त सड़कों की तस्वीरें बैठक में दिखाईं। मोबाइल व फोटो के प्रिंट आउट के जरिए उन्होंने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमीनी स्थिति सुधारने की जरूरत बताई। बैठक से पहले सपा विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया। दोनों ने योगी सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास कार्यों और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सलोन विधायक अशोक कोरी ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट और जर्जर मार्गों का मामला उठाया। वहीं, हरचंदपुर विधायक राहुल राजपूत ने क्षतिग्रस्त सड़कों के साथ जमीनों पर कब्जे, प्राथमिक स्कूलों के बंद होने और जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इससे जनता में नाराजगी है। इन समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
बैठक में मौजूद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि रायबरेली के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखा गया। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में जहां खाद्य सुरक्षा विभाग के जरिए 20 प्रतिशत लोगों को राशन मिलता था, वहां आज 22 लाख लोगों को रायबरेली में राशन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में रायबरेली में छोटी-बड़ी मिलाकर 16 हजार सड़कों का निर्माण हुआ है। डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक से पहले राहुल गांधी ने अपने सांसद आवास पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में दो ट्रांसफार्मर, दो एंबुलेंस, इंटरलॉकिंग और बारात घर समेत कई विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने आवास पर जनता दरबार भी लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। राहुल गांधी ने पूरा दिन रायबरेली में रहकर विकास कार्यों की समीक्षा और जनता से संवाद किया।

उधर, बैठक शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने विरोध प्रदर्शन किया। विधायकों ने जिले में स्कूल बंद होने, फर्जी मुकदमे लिखे जाने और जमीनों पर कब्जे किए जाने जैसे मुद्दे उठाए। विधायकों ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, ऐसे में दिशा की बैठक का क्या औचित्य है।






