
हल्द्वानी, 10 सितंबर 2026:
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपना फोकस बूथ स्तर तक बढ़ा दिया है। पार्टी ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का लक्ष्य रखा है। हल्द्वानी में हुई प्रदेश पदाधिकारी व विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन ने कार्यकर्ताओं को इसी लक्ष्य के साथ चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया।
सरकार के काम को लेकर जनता के बीच जाने पर जोर
नितिन नबिन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार के काम को लेकर लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाया जाए। भाजपा के पक्ष में दिख रहे माहौल को वोट में बदलने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क पर खास जोर देना होगा।

विपक्ष के आरोपों का तथ्यों से जवाब
नबिन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि राजनीतिक आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ दिया जाए। उन्होंने कांग्रेस पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष की राजनीति का जवाब विकास व सकारात्मक मुद्दों के जरिए देंगे।
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बनाया चुनावी मुद्दा
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से जुड़े कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान व सनातन परंपरा को नुकसान पहुंचाने के प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए आजादी के आंदोलन में इसकी भूमिका का जिक्र किया। विकसित भारत के संकल्प में भी राष्ट्रीय भावना को अहम बताया।

मंडल की जगह शक्ति केंद्र पर फोकस
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव में संगठन की रणनीति का आधार मंडल के बजाय शक्ति केंद्र होंगे। इन केंद्रों को ज्यादा सक्रिय करते हुए वहां जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। पार्टी के अलग-अलग मोर्चों को भी मंडल व शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव का होगा इस्तेमाल
भाजपा ने उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी चुनावी अभियान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने का फैसला किया है, जो संगठन में तीन बार पदाधिकारी रह चुके हैं, लेकिन फिलहाल किसी पद पर नहीं हैं। पार्टी इन कार्यकर्ताओं के लंबे संगठनात्मक अनुभव का इस्तेमाल चुनावी रणनीति को मजबूत करने में करेगी।
आज हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।@BJP4UK pic.twitter.com/G0aVQ8ZFiX
— Nitin Nabin (@NitinNabin) September 9, 2026
बैठक में सीएम व ये नेता रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी, प्रदेश सहप्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत व तरुण बंसल समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी व सह प्रभारी मौजूद रहे।






