Lucknow CityUttar Pradesh

‘हनुमान अंश’ ने कमाए करोड़ों, नीम करौली बाबा की विरासत पर छिड़ा कब्जे का घमासान! जानिए पूरा मामला

जिस घर में बीता बाबा का बचपन, अब उसी पर उठे स्वामित्व के सवाल, जांच समिति ने दोनों पक्षों को नोटिस देकर मांगे दस्तावेज, उधर सरकार बना रही बाबा सर्किट और भव्य कॉरिडोर

लखनऊ/फिरोजाबाद, 12 सितंबर 2026:

नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म के निर्माता निर्देशक और कलाकार वाहवाही बटोर रहे हैं। बाबा की आध्यात्मिक विरासत को लेकर देश-दुनिया में चर्चा तेज है लेकिन उनकी जन्मस्थली से जुड़ी पुश्तैनी संपत्ति विवादों के घेरे में आ गई है। फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र के अकबरपुर गांव स्थित उस मकान पर स्वामित्व और प्रबंधन को लेकर बाबा की छह पोतियों और श्री ठाकुर हनुमानजी ट्रस्ट के बीच विवाद सामने आया है जहां बाबा का बचपन बीता था।

बाबा नीब करौरी यानी लक्ष्मी नारायण शर्मा का जन्म फिरोजाबाद से करीब 15 किलोमीटर दूर अकबरपुर गांव में हुआ था। ग्राम पंचायत का मकान नंबर 154-व उनका पुश्तैनी घर बताया जाता है। इस परिसर में बाबा का ध्यान कक्ष, भोजनालय, अतिथि कक्ष और शयन कक्ष बने हैं। इसका रख-रखाव श्री ठाकुर हनुमानजी ट्रस्ट करता है।

बाबा के छोटे पुत्र स्वर्गीय धर्म नारायण शर्मा की छह बेटियों सुनीता, अर्चना, वंदना, भावना, रितु और रिचा ने अगस्त में डीएम को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि ट्रस्ट के पदेन ट्रस्टी/सचिव संजय गुप्ता ने संपत्ति पर एकाधिकार कर लिया है। उन्होंने पैतृक संपत्ति को कब्जा मुक्त कराने और विवाद के स्थायी समाधान के लिए डीएम की अध्यक्षता में ट्रस्ट गठित करने की मांग की है। मुंबई से आए भावना के पति मनोज रावत ने भी डीएम से मुलाकात कर यह मांग उठाई।

ये भी पढ़ें:

neem-karoli-baba-ancestral-property-dispute-hanuman-ansh-film-trust (2)

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति के अध्यक्ष एवं एडीएम (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी ने बाबा की छह पोतियों और ट्रस्ट के पदेन ट्रस्टी संजय गुप्ता को नोटिस जारी कर दावेदारी, साक्ष्य और संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा है। प्रशासन का उद्देश्य दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई करना है।

दरअसल, नीम करौली बाबा गृहस्थ संत थे। उनके दो बेटे और एक बेटी थी। बड़े बेटे अनेक शर्मा के पुत्र धनंजय शर्मा फिरोजाबाद में रहते हैं, जबकि छोटे बेटे धर्म नारायण शर्मा की छह बेटियों ने शिकायत की है। बाबा की बेटी गिरिजा भटेले आगरा में रहती हैं।

neem-karoli-baba-ancestral-property-dispute-hanuman-ansh-film-trust (3)

खास बात यह है कि विवाद ऐसे समय सामने आया है जब सरकार बाबा की विरासत को बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। डीएम ने अकबरपुर पहुंचकर विकास कार्यों और प्रस्तावित कॉरिडोर की समीक्षा की। पर्यटन नीति-2022 में संशोधन के बाद नीब करौरी बाबा सर्किट को शामिल किया गया है, जिसके तहत लखनऊ, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद और मथुरा-वृंदावन को जोड़ा जा रहा है।

अब सवाल सिर्फ पुश्तैनी मकान के स्वामित्व का नहीं अपितु बाबा की विरासत से जुड़ी संपत्तियों के अधिकार, संरक्षण और भविष्य के प्रबंधन का भी है। प्रशासन की जांच से तय होगा कि इस विरासत पर किसका दावा कितना मजबूत है और आगे इसकी व्यवस्था किस तरह होगी।

ये भी पढ़ें  सपा नेता हरीश मिश्रा को जेल भेजे जाने पर वाराणसी में मचा सियासी घमासान

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link