Lucknow City

‘बहन जी बीमार हैं’ की अफवाह पर मायावती का पलटवार, आकाश आनंद के फोन का खोला राज

बसपा सुप्रीमो ने मीडिया के सामने आकर विरोधियों को घेरा, संगठन के नए ढांचे पर की बात, पार्टी के कामकाज का तीन सेक्टर में बंटवारा, यूपी-उत्तराखंड की कमान अपने हाथ में रखी

लखनऊ, 13 सितंबर 2026:

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती रविवार को अचानक मीडिया के सामने आईं तो सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई। करीब डेढ़ महीने से बड़े राजनीतिक मुद्दों पर एक्स के जरिए अपनी बात रखने वाली मायावती ने इस बार सीधे मीडिया के सामने आकर पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों, अपनी सेहत को लेकर फैलाई जा रही कथित अफवाहों और संगठन के नए ढांचे पर खुलकर बात की। इस दौरान उनका सबसे तीखा निशाना पार्टी से निष्कासित किए गए लोगों पर रहा।

मायावती ने दावा किया कि उनके विरोधी उनकी सेहत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भ्रम फैला रहे हैं। इसके प्रमाण के तौर पर उन्होंने शनिवार रात 10:04 बजे पार्टी ऑफिस इंचार्ज आलोक कुमार के पास आए भतीजे आकाश आनंद के फोन का जिक्र किया। मायावती के मुताबिक आकाश ने आलोक कुमार से पूछा कि क्या बहन जी की तबीयत खराब चल रही है और उनका स्वास्थ्य कैसा है।

‘अभी भी ससुर के दिमाग से चल रहे हैं आकाश आनंद’

मायावती ने बताया कि आलोक कुमार ने जवाब दिया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। इसके बाद आकाश आनंद ने उनसे इस बातचीत की जानकारी मायावती को नहीं देने के लिए कहा। मायावती ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि इसके पीछे आकाश की धारणा सही भी हो सकती है और गलत भी, लेकिन अभी भी वह अपने दिमाग से नहीं अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से ही चल रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

तीन सेक्टर में बसपा, लखनऊ से मायावती की सीधी निगरानी

बसपा प्रमुख ने संगठनात्मक बदलाव की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पार्टी के कामकाज को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। पहले सेक्टर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग लखनऊ स्थित 9 माल एवेन्यू के बसपा कैंप कार्यालय से मायावती खुद कर रही हैं।

अन्य राज्यों को दो सेक्टरों में बांटा गया है। इन दोनों सेक्टरों के कामकाज की समीक्षा के लिए बसपा के दिल्ली कार्यालय में हर डेढ़ महीने में बैठक होगी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद कुमार बैठक लेकर प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करेंगे और मायावती को भी लगातार जानकारी दी जाएगी। मायावती ने कहा कि वह दूसरे सेक्टरों के प्रभारियों से फोन पर संपर्क में रहेंगी और समय-समय पर लखनऊ में भी रिपोर्ट लेंगी।

आकाश की जगह दीपिका आनंद को जिम्मेदारी का संकेत

मायावती के बयान का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि हाल में उन्होंने आकाश आनंद को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाने के साथ पार्टी से निष्कासित कर दिया था। उनके ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ ने भी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी। शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि अब आकाश आनंद की जगह मायावती की भतीजी दीपिका आनंद बसपा के मिशन को आगे बढ़ाएंगी। हालांकि, यदि दीपिका इसके लिए तैयार नहीं होती हैं तो दलित समाज के किसी कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।

मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि रविवार को मीडिया के सामने आने का मकसद केवल बयान देना नहीं अपितु पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित भ्रम और अफवाहों से सचेत करना है। उन्होंने दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन के घोषणा पत्र का भी स्वागत किया।

ये भी पढ़ें  शिक्षक संघ का सख्त संदेश : शिक्षकों के खिलाफ बोलने वालों को नहीं करेंगे माफ, DIOS से की ये मांग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link