
लखनऊ, 14 सितंबर 2026:
अगर आज या कल ट्रेन से लखनऊ आना-जाना है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। राजधानी के सबसे व्यस्त चारबाग रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्य के लिए आज से ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते करीब 94 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें 30 से अधिक ट्रेनें चारबाग रेलवे स्टेशन नहीं आएंगी और 64 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे। ऐसे में स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति और प्लेटफॉर्म जरूर जांच लें।
ब्लॉक के दौरान काशी विश्वनाथ, हावड़ा-देहरादून, गोरखधाम, दानापुर-आनंदविहार, अर्चना एक्सप्रेस, गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें चारबाग नहीं आएंगी। इनका संचालन उतरेटिया-ट्रांसपोर्टनगर-आलमनगर और मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर के रास्ते किया जाएगा। गोरखपुर-बठिंडा, गोरखपुर-साबरमती, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जैसी ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। गोरखपुर से मुंबई और गुजरात जाने वाली कुछ ट्रेनें आसपास के स्टेशनों से चलेंगी।
ये ट्रेनें चारबाग नहीं आएंगी
वाराणसी-लखनऊ एक्सप्रेस आज और कल उतरेटिया तक चलेगी। झांसी-लखनऊ मेमू कानपुर सेंट्रल तक ही जाएगी। कानपुर-लखनऊ मेमू 16 सितंबर तक मानकनगर में यात्रा समाप्त करेगी। शाहजहांपुर और बालामऊ पैसेंजर ट्रेनें आलमनगर तक चलेंगी।

64 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे
चारबाग के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से 7 तक संचालन प्रभावित रहेगा। 64 प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे। रेलवे के मुताबिक कुछ ट्रेनों का प्लेटफॉर्म उनके आने से कुछ समय पहले भी बदला जा सकता है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने यात्रियों से पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने और यात्रा से पहले 139 हेल्पलाइन या एनटीईएस पर ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।






