Uttarakhand

पांच दिन बैंकिग व समान PLI की मांग को लेकर गरजे बैंककर्मी, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक इन्द्र सिंह रावत ने दी हड़ताल की चेतावनी, बोले- 2012 से की जा रही यह मांग, निर्णय न होने पर 28 अक्टूबर से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 18 सितंबर 2026ः

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और पीएलआई में समानता व पारदर्शिता की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर एस्लेहॉल चौक स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी धरने पर बैठे। इस दौरान बैंक कर्मियों ने सरकार और वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह शीघ्र लागू करने, पीएलआई में कथित भेदभाव व असमानता समाप्त करने और लंबित मांगों का तत्काल समाधान करने की मांग की।

यूएफबीयू देहरादून के संयोजक इन्द्र सिंह रावत ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से यह मांग बैंक कर्मचारियों के चार्टर ऑफ डिमांड का हिस्सा रही है। वर्ष 2015 में द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को अवकाश लागू किए जाने के समय आगे सभी शनिवारों को अवकाश दिए जाने की उम्मीद बनी थी, लेकिन वर्षों बाद भी यह मांग पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 7 दिसंबर 2023 के एमओयू और 8 मार्च 2024 के वेतन समझौते एवं जॉइंट नोट में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह से संबंधित सिफारिशें सरकार को भेजी जा चुकी हैं। आईबीए और यूएफबीयू के बीच सहमति बनने के बावजूद इसे लागू नहीं किया जाना बैंक कर्मचारियों में असंतोष का कारण बना हुआ है।

ये भी पढ़ें:

धरने में पीएलआई को लेकर भी बैंक कर्मचारियों ने तीखा विरोध दर्ज कराया। यूएफबीयू ने मांग की कि बैंकिंग क्षेत्र के सभी संगठनों के अधिकारी व कर्मचारियों को बिना भेदभाव के समान, न्यायसंगत व पारदर्शी पीएलआई दिया जाए। साथ ही इसके भुगतान में किसी प्रकार की देरी नहीं किए जाने की मांग की गई। इन्द्र सिंह रावत ने कहा कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच पीएलआई को लेकर कथित असमानता एवं भेदभाव को समाप्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि उक्त मांगों पर शीघ्र निर्णय न होने पर बैंक अधिकारी व कर्मचारी 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल करेंगे। इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 28 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है। धरना-प्रदर्शन में यूएफबीयू के शार्दुल डोडियाल, अनिल जैन, सीके जोशी, कमल तोमर, एनएस राणा, प्रवीण कुमार, आरपी शर्मा, अनिल बिष्ट, राजेश जोशी, नरोत्तम मनिहाल, मयंक, विनय शर्मा, हरविंदर, राजन पुंडीर, गोपाल तोमर, केके. शर्मा, भूपेंद्र रावत और आशुतोष शर्मा सहित विभिन्न बैंक यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड न्यूज : नटराज चौक पर दिखा युवाओं का उत्साह, मलेथा में BJP दफ्तर पहुंचे धामी

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link