National

Air Show : मेरठ के आसमान में ‘सूर्य किरण’ का तूफानी शो, 100 फीट की ऊंचाई पर गरजे 9 जेट, हवा में बना तिरंगा

थम गईं हजारों की सांसें, 360 डिग्री के लूप, बैरल रोल और इनवर्टेड फ्लाइंग ने बढ़ाया रोमांच, दो जेट आमने-सामने आए तो थम गईं निगाहें, खेतों से छतों तक उमड़ा जनसैलाब, तालियों से गूंजा मेरठ

न्यूज डेस्क, 19 सितंबर 2026:

यूपी के मेरठ का आसमान शनिवार को रोमांच के रंग में रंग गया। भारतीय वायुसेना की मशहूर सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (SKAT) के नौ लाल-सफेद हॉक एमके-132 विमानों ने ऐसा हैरतअंगेज एयर शो किया कि मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों के साथ आसपास के खेतों और घरों की छतों पर खड़े लोग भी कुछ पल के लिए अपनी नजरें आसमान से हटा नहीं सके। विमान कभी 360 डिग्री पर घूमे, कभी हवा में उलटे हुए नजर आए और कभी एक-दूसरे की ओर तेजी से बढ़ते हुए ऐन वक्त पर क्रॉस कर गए। हर करतब के बाद पूरा इलाका तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

surya-kiran-aerobatic-team-air-show-meerut (2)

मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप क्षेत्र में हो रहे इस एयर शो का रोमांच शनिवार को चरम पर रहा।पहली बार मेरठ में हो रहे इस आयोजन को देखने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। करीब तीन किलोमीटर के दायरे में दर्शकों ने आसमान की ओर टकटकी लगाए सूर्य किरण टीम के करतब देखे। कार्यक्रम स्थल के आसपास खेतों और मकानों की छतें भी दर्शक दीर्घा में बदल गईं।

ये भी पढ़ें:

surya-kiran-aerobatic-team-air-show-meerut (3)

100 से 150 फीट की ऊंचाई पर ‘आसमान का खेल’

सूर्य किरण के पायलटों ने हॉक एमके-132 विमानों से लूप, बैरल रोल, इनवर्टेड फ्लाइंग और डीएनए मैनूवर जैसे खतरनाक और सटीक एरोबैटिक करतब दिखाए। नौ विमानों ने जब वी-आकृति की फॉर्मेशन में धरती से महज 100 से 150 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरी तो दर्शकों की सांसें थम सी गईं। विमानों के बीच गजब का तालमेल और पायलटों की सटीकता देखते ही बन रही थी।
सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब दो जेट तेज रफ्तार से एक-दूसरे की तरफ बढ़े और बेहद कम समय में एक-दूसरे को क्रॉस करते हुए निकल गए। पलक झपकते हुए हुए इस करतब ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

surya-kiran-aerobatic-team-air-show-meerut (4)

आसमान में ऐसे लहराया तिरंगा

एयर शो के दौरान सूर्य किरण टीम के विमानों ने नासिक स्थित बेस रिपेयर डिपो द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित स्मोक पॉड्स की मदद से आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़ा। देखते ही देखते नीले आसमान पर तिरंगे की मनमोहक आकृति उभर आई। यह दृश्य कैमरों में कैद करने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

surya-kiran-aerobatic-team-air-show-meerut (5)

20 किमी का रेड जोन, भारी वाहनों का रूट डायवर्जन

एयर शो को लेकर मेरठ में बड़े पैमाने पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई थी। करीब 20 किलोमीटर के दायरे को रेड जोन घोषित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ समय के लिए दिल्ली रोड और एनएच-58 के आसपास भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मोहिउद्दीनपुर न्यू टाउनशिप क्षेत्र में आज और 20 सितंबर को मुख्य एयर शो आयोजित किया जा रहा है। सूर्य किरण के जांबाज पायलटों ने आसमान में जिस अनुशासन, साहस और सटीकता का प्रदर्शन किया उसने मेरठ के लोगों के लिए इस एयर शो को लंबे समय तक याद रहने वाला नजारा बना दिया।

ये भी पढ़ें  “अखिलेश सरकार में था माफिया राज…..” – सरकार के 8 वर्ष पूरे होने पर बोले डिप्टी सीएम

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link