
गोरखपुर, 19 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में शादी की तारीख तय होने से पहले ही एक परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं। बांसगांव के जयंतीपुर गांव में 18 वर्षीय विशाल कुमार का शव शनिवार को घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिवार के मुताबिक दो दिन बाद लड़की पक्ष के लोगों को शादी की बातचीत आगे बढ़ाने के लिए घर आना था। विशाल ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस उसके मोबाइल फोन से कोई क्लू मिलने की उम्मीद में जांच कर रही है।
दो दिन बाद आने वाले थे लड़की पक्ष के लोग
जयंतीपुर निवासी रामकिशुन के दो बेटे व दो बेटियों में विशाल सबसे छोटा था। उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। विशाल भी मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। परिजनों के मुताबिक उसका विवाह तय करने को लेकर बातचीत चल रही थी। लड़की पक्ष के लोगों के दो दिन बाद घर आने की तैयारी थी, जिससे परिवार में शादी को लेकर चर्चा चल रही थी।
घर में शव मिलने के बाद मचा हड़कंप
शनिवार को घर के अंदर विशाल का शव फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी होते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घर में शादी की बातचीत चल रही थी, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की
सूचना मिलने पर बांसगांव थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे की तलाशी लेने के साथ परिवार के लोगों व आसपास रहने वालों से भी पूछताछ की। घटनास्थल से जांच के लिए नमूने लिए गए हैं।
मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाह की बातचीत के बीच विशाल ने आत्महत्या क्यों की। उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, हाल के संपर्कों व दूसरी जानकारी की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना से पहले उसकी किसी से बातचीत हुई थी या नहीं।






