
राजकिशोर तिवारी
काशीपुर, 19 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के युवाओं के पलायन (Migration) को रोकने और उन्हें राज्य में ही शिक्षा, रोजगार और कौशल के अवसर उपलब्ध कराने को लेकर सरकार ने अपना नजरिया साफ कर दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक छात्रों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने की दिशा में काम कर रही है, जहां युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो। युवा विद्यार्थी संवाद में सीएम ने छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए युवा आयोग, अग्निवीरों के भविष्य, एआई, साइबर क्राइम, भ्रष्टाचार और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं सामने रखीं।
साइंस सिटी और टेक्नोलॉजी पर बड़ा जोर
सीएम ने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाले बनें, इसके लिए स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक कौशल को बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यार्थी शौर्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा। वहीं ‘सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी और कौशल विकास जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि युवाओं को अवसरों के लिए बाहर न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। स्टेम लैब्स, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी समझ विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक और एआई से युवाओं को जोड़ना समय की जरूरत है।

रिश्वत मांगे तो 1064 पर शिकायत
भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि काम के बदले रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाने की स्थिति में 1064 टोल-फ्री नंबर या संबंधित मोबाइल ऐप पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






