Uttarakhand

Dehradun News: पुरकुल से Seva Sankalp का आगाज, पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ, कैबिनेट मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

गणेश जोशी ने शिविर का शुभारंभ कर विभागों के लगे स्टॉलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने के दिए निर्देश, लोगों ने गांव में बस संचालन की मांग की

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 21 सितंबर 2026ः

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के साथ देहरादून में सेवा संकल्प अभियान (Seva Sankalp) का आगाज मसूरी के पुरकुल गांव से हुआ। सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित जन शिविर में 200 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, 150 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण व चिकित्सकीय परामर्श किया गया।

पांच महिलाओं को दी महालक्ष्मी किट

कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट वितरित कीं। शिविर में उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं को ग्रामीणों ने प्रमुखता से उठाया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण और पुरकुल गांव में बस संचालन की मांग भी उठी। बस संचालन के मामले में मंत्री ने आरटीओ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:

dehradun-purkul-seva-sankalp-abhiyan-ganesh-joshi-cabinet-minister-camp (2)

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

शिविर में कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रीहरि स्वयं सहायता समूह, क्यारकुली भट्टा की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं, उद्यान क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य, उद्यान समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर दी गई।

हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेगा अभियान

सीडीओ अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। पुरकुल का शिविर इसी श्रृंखला की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, गोरख कल्याण परिषद के अध्यक्ष/राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि व विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में मीडिया के लिए तैयार हो रहा भवन...सुविधाजनक होगा सत्र कवरेज

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link