
गोरखपुर, 28 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में दरोगा को वकील की ड्रेस पहने युवक द्वारा जूते से पीटने का वायरल Video फर्जी निकला है। शाहपुर इलाके में बनाए गए इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए तैयार किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहे दोनों किरदार असली पुलिसकर्मी और अधिवक्ता नहीं थे।
दो मिनट 55 सेकंड का था वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुए 2 मिनट 55 सेकंड के वीडियो में वकील की पोशाक पहना युवक बाइक से जा रहे वर्दीधारी व्यक्ति को रोकता दिख रहा था। इसके बाद दोनों के बीच युवक के पिता को हिरासत में लिए जाने को लेकर बहस होती है। विवाद बढ़ने पर वकील की ड्रेस पहने युवक वर्दीधारी व्यक्ति से मारपीट करता है और उसे जूते से पीटता नजर आता है। वीडियो में कुछ लोग बीच-बचाव करते हुए भी दिखाई देते हैं।

जांच में दोनों किरदार निकले फर्जी
पुलिस अधीक्षक शहर निमिष पाटिल ने बताया कि वायरल वीडियो का सत्यापन कराया गया। जांच में सामने आया कि वीडियो में वर्दी पहने व्यक्ति पुलिसकर्मी नहीं है। इसी तरह वकील की पोशाक में नजर आ रहा युवक भी वास्तविक अधिवक्ता नहीं है। पुलिस के मुताबिक पूरा वीडियो बनावटी तरीके से तैयार किया गया था।
➡️सोशल मीडिया पर फर्जी पुलिस बनकर पुलिस की छवि धुमिल करने संबंधी वीडियो बनाने के आरोप में अभियुक्त 1.प्रिन्स व 2.मुकेश को #PsShahpur पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया ।#UPPolice@dgpup @AdgGkr @adgzonegkr @diggorakhpur @AdlSPDKPuri https://t.co/EmibVnRsbg pic.twitter.com/CkpvsVL40x
— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) September 28, 2026
लाइक-व्यूज के लिए बनाया वीडियो
पुलिस जांच के मुताबिक वीडियो को सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा लाइक और व्यूज हासिल करने के मकसद से बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि इसे वायरल कर पुलिस विभाग और अधिवक्ता समुदाय की छवि खराब करने की कोशिश की गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी पड़ताल शुरू की और दो युवकों प्रिंस व मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।






