Lucknow City

सरोजनीनगर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: 500 करोड़ के पैकेज से सड़क-सीवर सुधरेंगे, 10 नालों से दूर होगा जलभराव

सीएम योगी के सामने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रखा विकास का रोडमैप, शहीद पथ पर रैंप, बंगला बाजार-बिजनौर रोड एलिवेटेड रोड और एयरो सिटी-एआई सिटी को गति देने का प्रस्ताव

लखनऊ, 4 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के तेजी से विकसित हो रहे सरोजनीनगर क्षेत्र में सड़क, सीवर, जल निकासी और यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं को नई गति देने की तैयारी है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सरोजनीनगर के मौजूदा विकास कार्यों की प्रगति साझा की और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करीब 500 करोड़ रुपये के विशेष अवस्थापना विकास पैकेज समेत कई अहम प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखे।

डॉ. सिंह ने विशेष रूप से पंडित खेड़ा, गौरी और नीलमथा जैसे तेजी से विकसित हो रहे लेकिन मूलभूत सुविधाओं की जरूरत वाले क्षेत्रों पर फोकस किया। प्रस्तावित पैकेज में सड़क, सीवर, नाला और जल निकासी से जुड़े कार्य शामिल हैं। विधायक ने वर्तमान आकलन के अनुसार करीब 404.18 करोड़ के आवश्यक कार्यों को भी इस पैकेज में शामिल करने का आग्रह किया।

10 नालों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान

सरोजनीनगर के शहरी क्षेत्रों में जलभराव को बड़ी समस्या बताते हुए विधायक ने 10 प्रमुख नालों के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति की मांग की। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत दिलाने के साथ जल निकासी व्यवस्था को दीर्घकालिक आधार पर मजबूत करना है।

ये भी पढ़ें:

यातायात और कनेक्टिविटी सुधारने के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिए गए। अवध विहार योजना और अंसल एपीआई क्षेत्र के लोगों की शहीद पथ तक आसान पहुंच के लिए रैंप निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। वहीं चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बंगला बाजार से शहीद पथ के ऊपर बिजनौर रोड की ओर एलिवेटेड रोड बनाने का सुझाव दिया गया।

एयरो सिटी और एआई सिटी पर भी जोर

सरोजनीनगर को औद्योगिक और तकनीकी हब के रूप में विकसित करने के लिए अमौसी एयरो सिटी और नादरगंज एआई सिटी परियोजनाओं की प्रगति तेज करने की मांग की गई। किसानों और कृषि व्यापार को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बंथरा में विशिष्ट मंडी स्थल विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

इसके साथ ही सिख गुरुओं के इतिहास, त्याग और बलिदान को समर्पित प्रस्तावित ‘विरासत-ए-खालसा तीर्थस्थल’ को राज्य कार्ययोजना 2026-27 में शामिल करने और आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। विद्युत व्यवस्था सुधार में लगे बिजली कर्मियों पर पूर्व में हुई कार्रवाई वापस लेने का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह के मुताबिक ब्रह्मोस परियोजना, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, अशोक लेलैंड की ग्रीनफील्ड इकाई, एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और आधुनिक वाणिज्यिक केंद्रों के कारण सरोजनीनगर तेजी से बदल रहा है। अब अगले चरण में बेहतर सड़क, जल निकासी, सीवर, रोजगार और नागरिक सुविधाओं को विकास की प्राथमिकता बनाने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना।

ये भी पढ़ें  कैंपस में उतरेगा RLD, युवाओं से सीधा संवाद : ‘Campus Connect’ से छात्र पंचायत तक, मेरठ में होगी बड़ी जुटान

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link