Hardoi City

Hardoi News : हत्या की दो वारदातों से सनसनी, पत्नी की हत्या कर पति का सरेंडर, साधुवेशधारी की जान लेकर मौके पर बैठा रहा आरोपी

शहर कोतवाली क्षेत्र के घमोइया में पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर भड़का पति, पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से किए कई वार, बेनीगंज में साधुवेशधारी के सिर पर वार करने के बाद ईंट से कुचला चेहरा, दोनों मामलों में मौके से ही हिरासत में लिए गए आरोपी

हरदोई, 11 अक्टूबर 2026:

यूपी के हरदोई जिले में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की दो वारदातें हुईं। शहर कोतवाली क्षेत्र के घमोइया में पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति ने उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। दूसरी घटना बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र की है, जहां एक साधुवेशधारी ने विवाद के बाद दूसरे साधुवेशधारी की कुल्हाड़ी व ईंट से हमला कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपी घटनास्थल पर ही बैठा मिला।

पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर भड़का पति, कुल्हाड़ी से किए कई वार

शहर कोतवाली क्षेत्र के घमोइया निवासी लल्ला अपनी पत्नी दुर्गा व पांच साल के बेटे लकी के साथ शारदा नहर के पार खेत में बने कमरे में रहता था। करीब एक साल पहले उसने वहां चक्की शुरू की थी। कमरे के पास उसने छप्पर भी डाल रखा था। बताया गया कि रविवार सुबह लल्ला शौच के लिए गया था। लौटने पर उसने कमरे में पत्नी दुर्गा को गांव के एक युवक के साथ देखा। यह युवक शारदा नहर पुल के पास दुकान चलाता है। पति को देखकर युवक मौके से भाग निकला। इसके बाद लल्ला व दुर्गा के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर लल्ला ने पत्नी के साथ मारपीट की। उसे कमरे से बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से गर्दन पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से दुर्गा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस पहुंची तो लल्ला घटनास्थल पर ही मौजूद था। उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

hardoi-double-murder-wife-killed-husband-surrenders-sadhu-murder (2)

ये भी पढ़ें:

पांच साल के बेटे की परवरिश का सवाल

दुर्गा की हत्या के बाद उसके पांच साल के बेटे लकी के सामने मुश्किल हालात पैदा हो गए हैं। मां की मौत हो चुकी है, जबकि पिता पुलिस की कार्रवाई के दायरे में है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या की वजह व घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Advertisement

सो रहे साधुवेशधारी की कुल्हाड़ी से हत्या, ईंट से कुचला चेहरा

दूसरी घटना बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के हुई। यहां बबलू नाम के साधुवेशधारी की हत्या कर दी गई। जियानखेड़ा निवासी बबलू की उम्र 32 साल थी। उसने करीब चार साल पहले लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर से दीक्षा ली थी। इसके बाद वह साधु बनकर रहने लगा था। शुक्रवार रात लखनऊ से लौटने के बाद वह अतरौली-कोथावां मार्ग पर सैर बहादुरपुर निवासी यादवेंद्र सिंह की दुकानों के बरामदे में ठहरा था। यह जगह उसके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर है।

hardoi-double-murder-wife-killed-husband-surrenders-sadhu-murder (3)

मंदिर से निकाले जाने के बाद पहुंचा था आरोपी

मुन्नी उर्फ मुंशीलाल पाही गांव के एक मंदिर की देखरेख करता था। शनिवार रात मंदिर की महिला पुजारी से उसका विवाद हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे गांव से बाहर कर दिया। वहां से निकलने के बाद वह दुकानों के बरामदे में बबलू के पास पहुंच गया। रविवार तड़के करीब चार बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर साधुवेशधारी मुंशीलाल ने सो रहे बबलू पर हमला कर दिया। उसने कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार किए। इसके बाद ईंट से उसका चेहरा कुचल दिया। गंभीर चोटों के चलते बबलू की मौत हो गई।

सुबह दुकानदार ने देखा खून से लथपथ शव

रविवार सुबह करीब छह बजे एक दुकानदार ने बरामदे में बबलू का शव पड़ा देखा। उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस को घटनास्थल से कुल्हाड़ी, देसी शराब का पौव्वा, कुचला हुआ गिलास व कमंडल का ढक्कन मिला है। आरोपी मुन्नी उर्फ मुंशीलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें  टप्पेबाजों को पुलिस ने सिखाया सबक...मुठभेड़ में दबोचा, दोनों को पैर में लगी गोली

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link