मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, बोले- पिछली सरकारों में सहकारी समितियां हो गईं थीं बदहाल
जेपीएस राठौर जिला सहकारी बैंक की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में हुए शामिल, कहा- योगी सरकार में मिली मजबूती, 2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार

विजय पटेल
रायबरेली, 18 अक्टूबर 2026ः
यूपी के सहकारिता राज्य मंत्री जेपीएस राठौर रविवार को रायबरेली पहुंचे। उन्होंने जिला सहकारी बैंक की 97वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पिछली सरकारों, विशेषकर समाजवादी पार्टी के कार्यकाल पर सहकारी समितियों में भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के आरोप लगाए। साथ ही दावा किया कि सीएम योगी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत किया गया है।
सपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
मंत्री राठौर ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान सहकारी समितियां बदहाल हो गई थीं और कई जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उन्होंने सपा और सहकारिता के मूल सिद्धांतों को एक-दूसरे के विपरीत बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में समितियों की स्थिति सुधरी है। उनके मुताबिक किसानों को अब यूरिया, डीएपी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायबरेली जिला सहकारी बैंक का मुनाफा पहले 50 लाख रुपये से नीचे पहुंच गया था, जो अब बढ़कर 3.5 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरबीआई द्वारा बंद कराए गए प्रदेश के 16 जिला सहकारी बैंकों को सीएम योगी व केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दोबारा संचालित कर लाभ की स्थिति में लाया गया है।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा
सहकारी विभाग में नियुक्तियों को लेकर राठौर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं होती थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में प्रदेश में करीब 9.5 लाख भर्तियां पारदर्शी तरीके से पूरी की गई हैं। सहकारिता विभाग की भर्ती प्रक्रिया के लिए केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय से संबद्ध संस्था आईबीपीएस को जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री ने कहा कि परीक्षा का परिणाम 30 नवंबर तक आने की उम्मीद है, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
समिति भवन निर्माण जल्द कराने का आश्वासन
समिति भवन निर्माण में आ रही बाधाओं के सवाल पर मंत्री ने कहा कि संबंधित फाइल को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने की बात कहते हुए जमीन संबंधी समस्याओं का समाधान कर जल्द निर्माण कराने का भरोसा दिया। वहीं, राठौर ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा ही जमीन पर मजबूत स्थिति में है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी।






