Uttarakhand

धामी से मिला अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं का प्रतिनिधिमंडल, बोले- युवाओं को मिलेगा रोजगार

विश्व प्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित फिल्म की ऋषिकेश में होगी शूटिंग, ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस के निर्देशन में बनेगी फिल्म, अप्रैल 2028 में विश्वभर के सिनेमाघरों में किया जाएगा रिलीज

देहरादून, 18 अक्टूबर 2026ः

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान विश्व प्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखंड में किए जाने के संबंध में चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में होनी है।

चारों सदस्यों के जीवन पर आधारित बनाई जा रहीं फिल्में

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इसका निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना के अंतर्गत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स- ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

150 भारतीय क्रू सदस्यों की ली जाएंगी सेवाएं

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एवं लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों व अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ ही होटल, परिवहन एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:

विविध शूटिंग लोकेशन के कारण बन रहा प्रमुख डेस्टिनेशन

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो चुका है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखंड में देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों एवं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

Advertisement

ऋषिकेश की आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी। साथ ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

ये भी पढ़ें  महिला आयोग आपके द्वार: 13 जिलों में 13 मार्च तक जनसुनवाई... देहरादून में 25 मामले आए

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link