Lucknow Triple Murder Case : DGP पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, दो आरोपियों के एनकाउंटर की मांग
शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा से मिले पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, परिवार को सुरक्षा और न्याय का भरोसा, मुख्य आरोपी को फांसी देने की मांग, फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड को लेकर पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और उचित न्याय का भरोसा दिलाया।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इसके साथ परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया।
डीजीपी के सामने ऊषा तिवारी का आक्रोश भी सामने आया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू और उसके चचेरे भाई रविंद्र शुक्ला का एनकाउंटर करने तथा मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग उठाई।
मालूम हो कि 26 अक्टूबर को कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर तीन लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी एवं आरएसएस के पदाधिकारी रहे 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, लखनऊ विश्वविद्यालय में कार्यरत उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और 30 वर्षीय पुत्र सुयश तिवारी शामिल थे।

इस वारदात ने परिवार की खुशियों को भी मातम में बदल दिया। बिजली के सामान के कारोबारी सुयश की पांच दिसंबर को शादी होनी थी। आरोप है कि परिवार के बीच पुराना विवाद चल रहा था। मुख्य आरोपी ऋषभ को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि राजेश शुक्ला और दिव्या की तलाश जारी है। फरार राजेश शुक्ला और दिव्या पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।






