Lucknow City

Agra Expressway के किनारे बसेगा वशिष्ठ नगर, लखनऊ के Development को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत 1035 एकड़ में विकसित होगी हाईटेक स्कीम, 1328 करोड़ से जुटाई जाएगी जमीन, औद्योगिक व लॉजिस्टिक्स हब के साथ बनेगा अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल

लखनऊ, 7 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में घर और कारोबार के लिए जमीन तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे अब एक और बड़े शहरी विस्तार की नींव पड़ने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) करीब 1035 एकड़ क्षेत्रफल में ‘वशिष्ठ नगर योजना’ विकसित करेगा। यह योजना आवासीय विस्तार के साथ ही उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन में औद्योगिक, लॉजिस्टिक्स और आर्थिक गतिविधियों का नया केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक योजना का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। इसे मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन की मंजूरी मिलते ही जमीन जुटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए किसानों से सहमति और अन्य निर्धारित माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। भूमि संकलन पर करीब 1328 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

निवेश और रोजगार का बनेगा नया केंद्र

ये भी पढ़ें:

एलडीए की योजना के मुताबिक वशिष्ठ नगर में आधुनिक औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स हब, उत्कृष्ट सड़क नेटवर्क और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य बाहरी निवेश को आकर्षित करने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। योजना तैयार करते समय सतत विकास और पर्यावरणीय संतुलन का भी ध्यान रखा गया है।

प्रथमेश कुमार के अनुसार स्टेट कैपिटल रीजन के विजन को जमीन पर उतारने के लिए बड़े स्तर पर रोजगार सृजन जरूरी है। इसी सोच के साथ औद्योगिक विकास, निर्बाध कनेक्टिविटी और भविष्य की जरूरतों को केंद्र में रखकर वशिष्ठ नगर की रूपरेखा तैयार की गई है।

चार बड़े कॉरिडोर से जुड़ेगा वशिष्ठ नगर

योजना की सबसे बड़ी ताकत इसकी कनेक्टिविटी होगी। वशिष्ठ नगर को आगरा एक्सप्रेस-वे, मोहन रोड, लिंक एक्सप्रेस-वे और वरुण विहार योजना जैसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर से सीधे जोड़ा जाएगा। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और परिवहन क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। योजना में अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल विकसित करने का भी प्रस्ताव है, जिससे इसकी कनेक्टिविटी और व्यावसायिक उपयोगिता और बढ़ेगी।

lucknow-vashistha-nagar-scheme-agra-expressway-lda-township (2)
प्रतीकात्मक फोटो

इन छह गांवों की जमीन चिन्हित

आगरा एक्सप्रेस-वे के एक ओर वरुण विहार योजना और दूसरी ओर वशिष्ठ नगर विकसित किया जाएगा। इसके लिए रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इन्दवारा, बहरू और जलियामऊ गांवों की करीब 1035 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। शासन की मंजूरी के बाद भूमि जुटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में आगरा एक्सप्रेस-वे का यह इलाका आवासीय विस्तार के साथ लखनऊ के नए औद्योगिक और आर्थिक ग्रोथ कॉरिडोर के रूप में उभर सकता है।

ये भी पढ़ें  मंत्री न बनाए जाने पर भावुक हुईं आशा मौर्या...पोस्ट में छलका दर्द, कही ये बात

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button