UP News : दिवाली पर महिलाओं को तोहफा, 1.89 करोड़ परिवारों को योगी देंगे गैस सब्सिडी, परिवारवाद पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री आज लोक भवन में 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी लाभार्थियों के बैंक खातों में करेंगे ट्रांसफर, उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर रिफिल पर मिलेगी राहत

लखनऊ, 3 नवंबर 2026:
दीपावली के अवसर पर यूपी की महिलाओं और गरीब परिवारों को योगी सरकार बड़ा तोहफा देने जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित करेंगे। इसके तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी का लाभ मिलेगा। यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के आधार प्रमाणित बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभार्थियों को चेक सौंपकर सब्सिडी हस्तांतरण की प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर भरवाने में राहत देना और उन्हें स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस आयोजन से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले परिवारवाद की राजनीति के कारण गरीब परिवारों की समस्याएं शासन की प्राथमिकताओं से दूर थीं। लाखों माताएं और बहनें धुएं से भरी रसोई में खाना बनाने को मजबूर थीं।
जब सरकार की प्राथमिकता अपना ही परिवार हो, तो गरीब परिवारों की पीड़ा शासन की नीतियों से ओझल हो जाती है।
पूर्ववर्ती सरकार में उत्तर प्रदेश में यही स्थिति थी। परिवारवाद की राजनीति के बीच लाखों माताएं और बहनें धुएं से भरी रसोई में जीवन बिताने को विवश थीं।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने परिवारवाद के स्थान पर लोक-कल्याण को प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों की रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाया और मातृशक्ति को स्वास्थ्य, सुविधा तथा सम्मान का संबल दिया।
पावन पर्व दीपावली के उपलक्ष्य में लखनऊ में ₹1,500 करोड़ की धनराशि से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को आज रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण होगा।
हमारी प्रतिबद्धता स्पष्ट है। आर्थिक अभाव के कारण कोई गरीब परिवार फिर से धुएं वाले चूल्हे पर लौटने को विवश न हो। हर घर में दीपावली की खुशियां और हर रसोई में सुविधा का प्रकाश बना रहे।
मातृशक्ति एवं वंचित परिवारों की खुशियों को संबल देने के लिए प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार तथा सभी माताओं और बहनों को दीपावली की अग्रिम बधाई।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 3, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने परिवारवाद के स्थान पर लोक कल्याण को प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाया गया और महिलाओं को स्वास्थ्य, सुविधा तथा सम्मान का संबल मिला।
योगी के मुताबिक सरकार की प्रतिबद्धता है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी गरीब परिवार दोबारा धुएं वाले चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर न हो। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।






