Unnao City

उन्नाव न्यूज : बेटी की बीमारी का हवाला देकर बुलाया, मिलने पहुंचे पिता को पेट्रोल डालकर जलाया

पूर्व पत्नी के घर पहुंचने पर हुई घटना, 95 फीसदी तक झुलसा युवक लखनऊ केअस्पताल में भर्ती, पिता-भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर

उन्नाव, 3 नवंबर 2026:

यूपी के उन्नाव में पूर्व पत्नी के घर पहुंचे एक युवक को पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटी की तबीयत खराब होने की बात कहकर युवक को घर बुलाया गया था। वहां कहासुनी के बाद उसकी पूर्व पत्नी, ससुर और साले ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक करीब 95 फीसदी झुलस गया है। उसका लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायल की पहचान बांगरमऊ के अंबेडकर नगर निवासी करन के रूप में हुई है। उसके भाई संजय ने पुरवा कोतवाली में प्रीति, उसके पिता फकीरेलाल और भाई सौरभ उर्फ मानू के खिलाफ तहरीर दे दी है।

तीन साल पहले हुई थी शादी, 2025 में तलाक

संजय के मुताबिक, करन की शादी करीब तीन साल पहले पुरवा कस्बे के शीतलगंज मोहल्ले में रहने वाले फकीरेलाल की बेटी प्रीति से हुई थी। दोनों के बीच आपसी मतभेद बढ़ने पर 2025 में तलाक हो गया था। तलाक के समय प्रीति अपने जेवर और दूसरे सामान लेकर चली गई थी। परिवार ने उस समय कोई विवाद नहीं किया।

ये भी पढ़ें:

बेटी की तबीयत खराब होने की बात कहकर बुलाया

संजय ने पुलिस को बताया कि तलाक के बाद भी प्रीति फोन करके करन से पैसों की मांग करती थी। वह बेटी के खर्च और जरूरतों का हवाला देती थी। दो-तीन दिन पहले भी उसने फोन कर बेटी की तबीयत खराब होने की बात कही और इलाज के लिए रुपये मांगे।

Advertisement

इसके बाद करन सोमवार शाम करीब 25 से 30 हजार रुपये लेकर प्रीति के घर पहुंचा था। आरोप है कि रात करीब दो बजे खाना खाने के बाद बातचीत के दौरान विवाद हो गया।

उन्नाव न्यूज बेटी की बीमारी का हवाला देकर बुलाया, मिलने पहुंचे पिता को पेट्रोल डालकर जलाया (2)

मारपीट के बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी

संजय की शिकायत के अनुसार, फकीरेलाल पुत्र बुंदेला, उसकी बेटी प्रीति और बेटे सौरभ उर्फ मानू ने करन के साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। करन की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया।

लखनऊ के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

करन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल उन्नाव रेफर किया गया। मंगलवार सुबह उसकी हालत को देखते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालांकि, परिजन उसे सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

परिजनों का कहना है कि करन करीब 95 फीसदी झुलस चुका है। उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। बेटे की हालत देखकर मां-पिता समेत परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को करन का भाई संजय पुरवा कोतवाली पहुंचा और तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुरवा कोतवाली के इंस्पेक्टर भुवन सिंह मौर्य ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  पति के बिना नहीं जी सकती...वीडियो मैसेज छोड़ा फिर महिला ने लगाई फांसी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link