CM Yogi Adityanath : इस धनतेरस गिफ्ट में चुनें यूपी का हुनर, सीएम योगी ने ODOP उत्पादों को लेकर की खास अपील
Dhanteras 2026 : धन्वंतरि जयंती व धनतेरस की शुभकामनाएं भी दीं, बोले- आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के घर रोशन कर सकती है दीप
लखनऊ, 6 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस के मौके पर प्रदेशवासियों को पर्व की बधाई देकर इस बार खरीदारी में स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने लोगों से ODOP (One District One Product) के तहत तैयार होने वाले सामान को उपहार के रूप में चुनने का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि स्थानीय शिल्पकारों से खरीदे गए उत्पाद किसी हुनरमंद परिवार के लिए रोजगार, स्वावलंबन और सम्मान का जरिया बन सकते हैं।
योगी ने भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज के मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी का जिक्र करते हुए चित्रकूट के काष्ठ खिलौनों को भी प्रदेश की खास पहचान बताया। उन्होंने कहा कि इन पारंपरिक कलाओं को आगे बढ़ाने में स्थानीय कारीगरों की अहम भूमिका है। त्योहारों की खरीदारी में उनके बनाए उत्पादों को जगह देकर इस हुनर को नई पहचान दी जा सकती है।
निर्यात में भी दिखा स्थानीय हुनर का दम
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के निर्यात के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश का निर्यात करीब 84 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। उन्होंने इसे प्रदेश के शिल्पकारों की मेहनत, उद्यमशीलता और क्षमता का नतीजा बताया।
योगी ने लखनऊ व ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट के साथ भदोही के कार्पेट बाजार का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन केंद्रों के जरिए प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिल रही है।
वोकल फॉर लोकल का दिया संदेश
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान का जिक्र करते हुए लोगों से इस धनतेरस स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने लोकल वाली दिवाली मनाने का संदेश देते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के अभियान को मजबूती मिलेगी।






