अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों की आरती देश-दुनिया के श्रद्धालु देखेंगे लाइव

अयोध्या, 17 मई 2025:
यूपी की रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित सभी मंदिरों की आरती देश-दुनिया के श्रद्धालु अब लाइव देख सकेंगे। इसकी लिए दूरदर्शन ने स्थायी डिजिटल प्रसारण सेटअप स्थापित किया है।
दूरदर्शन ने स्थापित किया स्थायी डिजिटल केंद्र
दूरदर्शन की इस पहल को श्रद्धालुओं की आस्था को तकनीक के माध्यम से और अधिक सशक्त रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब तक रामलला की केवल सुबह 6:30 बजे की श्रृंगार आरती
का लाइव प्रसारण ओबी वैन के माध्यम से होता था। यह व्यवस्था सीमित और अस्थायी थी लेकिन अब अत्याधुनिक तकनीक की मदद से दूरदर्शन ने स्थायी डिजिटल केंद्र की स्थापना की है। इसके तहत पीटीनेट कैमरों की मदद से आरती का प्रसारण होगा।
प्रथम चरण : रामलला की सभी आरतियों का होगा प्रसारण
प्रथम चरण में रामलला की सभी पांच आरतियों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद परिसर स्थित अन्य मंदिरों की आरतियों के लाइव प्रसारण की योजना है। इस कार्य के लिए अतिरिक्त कैमरे लगाए जा रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का मानना है कि यह पहल विश्वभर में बसे रामभक्तों को अयोध्या से सीधा जोड़ने का माध्यम बनेगी।

महंत नृत्यगोपाल का जन्मोत्सव : एक जून से दस दिवसीय आयोजन
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का 87वां जन्मोत्सव भक्ति, श्रद्धा और संत परंपरा के संगम के रूप में मनाया जाएगा। अयोध्या की मणिराम दास छावनी में यह दस दिवसीय आयोजन एक जून से शुरू होकर 10 जून को संपन्न होगा। संत सम्मेलन में देश के साथ नेपाल से भी संत और धर्माचार्य हिस्सा लेंगे।






