लखनऊ से श्रीनगर की सीधी फ्लाइट 1 जुलाई से फिर होगी शुरू, पहलगाम हमले के बाद से है बंद

लखनऊ, 22 जून 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ से श्रीनगर के लिए सीधी हवाई सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस की यह सीधी उड़ान एक जुलाई से अमौसी एयरपोर्ट से दोबारा संचालित होगी।
इससे पहले 30 मार्च को इंडिगो ने यात्रियों की मांग पर लखनऊ-श्रीनगर के बीच सीधी उड़ान शुरू की थी, लेकिन गत मई माह में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आने के कारण इस सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
अब एक बार फिर इस रूट पर सीधी उड़ान शुरू की जा रही है। जानकारी के मुताबिक फ्लाइट सुबह 5:20 बजे लखनऊ से रवाना होकर सुबह 7:15 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट शाम 5:50 बजे श्रीनगर से उड़ान भरकर शाम 7:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यह उड़ान लगभग दो घंटे में पूरी होगी।
टिकट की शुरुआती कीमत 6999 रुपये रखी गई है, जो डायनेमिक फेयर सिस्टम के तहत बढ़कर 10 हजार तक जा सकती है। वर्तमान में श्रीनगर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स हैं। अब एक बार फिर इस रूट पर यात्रियों की रुचि को देखते हुए उड़ान बहाल की जा रही है।






