National

लखनऊ में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, हकीम के घर से मिली पूरी फैक्ट्री

लखनऊ, 28 जून 2025

राजधानी लखनऊ के मिर्जागंज इलाके में पुलिस ने एक चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए 72 वर्षीय हकीम सलाउद्दीन के घर से सैकड़ों अवैध हथियार, कारतूस और हथियार निर्माण के उपकरण बरामद किए हैं। सलाउद्दीन को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच तेज़ी से चल रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर मिर्जागंज स्थित सलाउद्दीन के घर पर कई थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान 312 और 315 बोर की बंदूकें, डीबीबीएल रायफल, पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस जब्त किए गए। बरामद हथियारों की संख्या इतनी अधिक थी कि पुलिस को उन्हें 20 बोरों में भरकर ले जाना पड़ा।

पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि सलाउद्दीन के घर में हथियार बनाने के उपकरण भी मौजूद हैं, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि यह केवल भंडारण स्थल ही नहीं, बल्कि एक सक्रिय अवैध असलहा फैक्ट्री भी थी। मौके से सलाउद्दीन की पत्नी, बेटी और एक अन्य युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, हालांकि अभी केवल सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया गया है।

ये भी पढ़ें:

सलाउद्दीन स्थानीय तौर पर एक हकीम के रूप में जाना जाता था और उसका दवाखाना डाकघर के पास था। उसका एक सामान्य जीवन प्रतीत होता था — एक बेटी नॉर्वे में बस चुकी है, जबकि दूसरी लखनऊ के इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है।

Advertisement

एडीसीपी जितेंद्र दुबे ने बताया कि जब्त हथियारों और उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क किन-किन जगहों तक फैला है और असलहे किसे बेचे जा रहे थे। इतनी बड़ी बरामदगी से इलाके में सनसनी है और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि एक परिचित चेहरे के पीछे ऐसा अपराध छिपा था।

इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

ये भी पढ़ें  उत्तर कोरियाई जासूस ने चीन से चुराई खुफिया जानकारी, भारत-पाक तनाव के बीच बढ़ी हलचल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link