भारत बनाम साउथ अफ्रीका निर्णायक वनडे आज, क्या 2018 की कहानी फिर दोहराएंगे विराट कोहली?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज विशाखापट्टनम में निर्णायक मुकाबला है, जहां दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं और विजेता टीम सीरीज अपने नाम करेगी
खेल डेस्क, 6 दिसंबर 2025:
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज का मुकाबला एक रोमांचक मोड़ पर आ गया है क्योंकि इस मैच से पहले दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं, ऐसे में विजेता टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। दिलचस्प बात यह है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका पहली बार इस मैदान पर वनडे मैच खेल रहे हैं।
कोहली की दूसरी शतक हैट्रिक की उम्मीद
विराट कोहली इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण हैं, क्योंकि वे लगातार तीन मैचों में शतक लगाने का कारनामा दोबारा कर सकते हैं। कोहली इससे पहले 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी, विशाखापट्टनम और पुणे में यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इस बार भी उन्होंने रांची और रायपुर में शतक जमाए हैं। विशाखापट्टनम में उनका रिकॉर्ड उन्हें और खतरनाक बनाता है-यहां उन्होंने 7 मैचों में 97.83 के औसत से 585 रन बनाए हैं, जिनमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे इतिहास में अब तक केवल बाबर आजम दो बार शतक हैट्रिक लगा चुके हैं।
सीरीज इतिहास में भारत का पलड़ा भारी
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक 60 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत को 28 और दक्षिण अफ्रीका को 31 मैचों में जीत मिली है। हालांकि वनडे सीरीज के स्तर पर भारत ने बढ़त बनाई है। दोनों टीमों के बीच खेले 15 सीरीज में से भारत ने 8 जीती हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 6 जीतीं। भारत ने 2023 की पिछली सीरीज भी 2-1 से जीती थी। मौजूदा सीरीज में कोहली सबसे ज्यादा 237 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं, जबकि कप्तान केएल राहुल ने 126 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में कुलदीप यादव 5 विकेट के साथ सबसे सफल रहे हैं।

अफ्रीका की ये जोड़ी बनी भारत की बड़ी मुश्किल
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मैथ्यू ब्रीट्जकी बेहतरीन फॉर्म में हैं, जिन्होंने दोनों मुकाबलों में अर्धशतक जड़े। वहीं तेज गेंदबाज मार्को यानसन 4 विकेट लेकर मेहमान टीम के प्रमुख स्ट्राइक बॉलर बने हुए हैं। भारत को अफ्रीका की इस जोड़ी से खास चुनौती मिल सकती है।
पिच और मौसम मैच को बना सकते हैं रोमांचक
विशाखापट्टनम की पिच बल्लेबाज़ों के लिए मददगार मानी जाती है, हालांकि 2023 में यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत केवल 117 रन पर सिमट गया था। पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को सीम मूवमेंट और बाद में स्पिनरों को टर्न मिलती है। ओस की संभावना को देखते हुए यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना फायदेमंद माना जाता है। अब तक यहां हुए 10 वनडे में चेज़ करने वाली टीम ने 6 मैच जीते हैं। मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और तापमान 19 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
साउथ अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रायन रिकेल्टन, ऐडन मार्करम, मैथ्यू ब्रीट्जकी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी और ओटनील बार्टमैन।






