Lucknow CityNational

वोटर बनने का अवसर : UP में तीन विशेष अभियान तिथियों पर जुड़वाएं नाम… हटे नामों को भी मौका

कल, 31 जनवरी और 1 फरवरी को सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे संबंधित बीएलओ, 6 जनवरी को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची से जिनके हटा दिए गए वे भी दोबारा कर सकते हैं आवेदन, 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के पास वोटर बनने का अवसर

लखनऊ, 17 जनवरी 2026:

यूपी में नए मतदाता बनने और मतदाता सूची से हटे नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष पहल की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रदेशभर में तीन विशेष अभियान तिथियां तय की गई हैं। ये 18 जनवरी (रविवार), 31 जनवरी (शनिवार) और 1 फरवरी (रविवार) हैं। इसके अलावा एक अतिरिक्त विशेष अभियान तिथि जिला निर्वाचन अधिकारी अपने स्तर पर तय करेंगे।

इन विशेष अभियान के दिन प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और सहायक कर्मचारी मौजूद रहेंगे। मतदाता इन तिथियों पर जाकर अपनी जानकारी की जांच कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर दावे व आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। खास बात यह है कि जिन मतदाताआओं के नाम अनुपस्थित पाए जाने के कारण 6 जनवरी को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं वे भी दोबारा अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाता भी इस दौरान आवेदन कर सकते हैं। इससे 6 मार्च 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो जाएंगे। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।

बीएलओ के पास मसौदा मतदाता सूची के साथ-साथ उन मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रहेगी जिन्हें गणना अवधि के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक या डुप्लीकेट की श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इसके अलावा फार्म-6 (नया नाम जोड़ने के लिए), फार्म-6ए, फार्म-7 (नाम हटाने के लिए) और फार्म-8 (संशोधन के लिए) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे। ये फार्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भरे जा सकते हैं।

विशेष अभियान तिथियों के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रतिदिन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि 6 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची से प्रदेश में कुल 2.89 करोड़ नाम हटाए गए हैं। इनमें 46.23 लाख मृत मतदाता, 2.17 करोड़ अनुपस्थित या स्थानांतरित और 25.47 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से कहा है कि वे निर्धारित विशेष अभियान तिथियों पर अपने बूथ पर जाकर नाम अवश्य जांच लें और समय रहते आवश्यक फार्म भरकर दावे व आपत्तियां दर्ज कराएं जिससे मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button