Sitapur City

औषधि निरीक्षक की कार से हादसा…हाईवे पार कर रही बालिका की मौत

माघ मेले से लौट रहा था परिवार, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान 11 साल की बालिका ने तोड़ा दम

सीतापुर, 25 जनवरी 2026:

कमलापुर थाना क्षेत्र के जलालपुर कस्बे में नेशनल हाईवे पार करते समय 11 वर्षीय बालिका औषधि निरीक्षक (डीआई) अनीता कुरील की कार की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान रविवार को बालिका की मौत हो गई।

मछरेहटा थाना क्षेत्र के जमलापुर मिरचौड़ी गांव निवासी प्रियंका (11) अपनी मां मोनिका यादव और भाइयों के साथ प्रयागराज में चल रहे माघ मेले को देखने गई थी। मेला देखने के बाद प्रियंका सुल्तानपुर कमैचा गांव स्थित अपनी मौसी के घर पर रुक गई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को प्रियंका परिजनों के साथ वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान जलालपुर कस्बे में नेशनल हाईवे पार करते समय हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रियंका सड़क पार कर रही थी, इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रही जिला औषधि निरीक्षक अनीता कुरील की कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बालिका सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

ये भी पढ़ें:

कमलापुर थाना प्रभारी अतुल चौधरी ने बताया कि प्रियंका डीआई अनीता कुरील की कार की टक्कर से घायल हुई थी। उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

ये भी पढ़ें  KVS टीचर अनविता शर्मा ने की आत्महत्या, डॉक्टर पति पर उत्पीड़न के आरोप

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link