एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 28 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में आज पूर्व मुख्य सचिव और स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के सीईओ मनोज सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को करीब से देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सीएचसी में इलाज से लेकर सफाई तक की जांच
मनोज सिंह सबसे पहले मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण काउंटर, जांच प्रयोगशाला और साफ सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उपलब्ध सुविधाओं को उन्होंने संतोषजनक बताया और अस्पताल प्रशासन व स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य की सराहना की।
मरीजों से की सीधी बातचीत
निरीक्षण के दौरान मनोज सिंह ने अस्पताल में भर्ती और इलाज करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत की। उन्होंने इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार को लेकर जानकारी ली। मरीजों ने सेवाओं को बेहतर बताया, जिस पर सीईओ ने पूरी टीम से इसी समर्पण के साथ काम करते रहने की अपेक्षा जताई।
आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण व्यवस्था की समीक्षा
इसके बाद मनोज सिंह ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को दिए जा रहे पोषण आहार, केंद्रों की साफ सफाई, रजिस्टरों के रखरखाव और दैनिक गतिविधियों की जांच की। साथ ही पोषण स्तर को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मातृ और शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर
सीईओ ने कहा कि मातृ मृत्यु दर में कमी लाना और आईसीडीएस कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर मजबूत करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे समुदाय से निरंतर संपर्क बनाए रखें और पात्र लाभार्थियों तक समय पर सेवाएं पहुंचाएं।
निरीक्षण आगे भी रहेंगे जारी
निरीक्षण के समय एडिशनल सीएमओ भी मौजूद रहे, जिन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं और मजबूत करने के निर्देश दिए। अंत में मनोज सिंह ने स्पष्ट किया कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी होते रहेंगे, ताकि स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं का लाभ सही मायनों में आम लोगों तक पहुंचे।






