लखनऊ, 29 जनवरी 2026:
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने आज एलडीए के पारिजात सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। एलडीए की आईटी सिटी और वेलनेस सिटी योजनाओं के लिए भूमि जुटाने के उद्देश्य से किसानों को लैंड पूलिंग नीति के फायदे समझाए जाएंगे। इसके लिए एलडीए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि किसानों के साथ खुली बैठकें आयोजित की जाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
किसानों को मिलेगा 25 प्रतिशत भूखण्ड
मण्डलायुक्त ने कहा कि लैंड पूलिंग नीति के तहत भूमि देने वाले किसानों को योजना में 25 प्रतिशत विकसित आवासीय भूखण्ड प्राप्त होंगे। यह मूल्य भूमि की मूल राशि से कई गुना अधिक होगा। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि किसानों को इस लाभ के बारे में व्यापक जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक भूमि जुटाई जा सके।
खुली बैठक और प्रचार-प्रसार जरूरी
विकास कार्यों के तहत प्रभावित गांवों में जाकर किसानों के साथ खुली बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा होर्डिंग, पैम्फलेट और अन्य माध्यमों से भी नीति का प्रचार किया जाएगा। मण्डलायुक्त ने यह भी कहा कि अधिक प्रस्ताव लाने वाले अमीनों और लेखपालों को पुरस्कृत किया जाए।

टाउनशिप विकास और ऑडिट प्रक्रिया
बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि निजी टाउनशिप में विकसित होने वाली मूलभूत सुविधाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट त्रैमासिक आधार पर कराया जाएगा, जिसका खर्च संबंधित डेवलपर वहन करेगा। मण्डलायुक्त ने सभी टाउनशिप में गुणवत्ता और समय पर काम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसटीपी और आईजीआरएस पर नजर
मण्डलायुक्त ने एसटीपी के प्रभावी संचालन के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आईजीआरएस से जुड़े मामलों की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इस बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






