Lucknow CityNationalUttar Pradesh

UP पुलिस सिपाही भर्ती-2025 : लिखित परीक्षा की तारीखें आ गईं… 32,679 पदों पर होगा चयन

8 से 10 जून तक आयोजित की जाएगी लिखित परीक्षा, तीनों दिनों में दो-दो पालियों में होगा एग्जाम, परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड, समय और अन्य दिशा निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर किए जाएंगे समय से जारी

लखनऊ, 4 फरवरी 2026:

यूपी पुलिस में सिपाही बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने सिपाही नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा जारी सूचना के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8 जून, 9 जून और 10 जून को आयोजित की जाएगी।

यह परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में कराई जाएगी। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 32,679 पदों को भरा जाएगा। परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड, परीक्षा समय और अन्य दिशा निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर समय से जारी किए जाएंगे। इस बीच सरकार ने अभ्यर्थियों को एक और बड़ी राहत दी है।

WhatsApp Image 2026-02-04 at 8.17.06 AM

सीएम योगी के निर्देश पर सिपाही भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष की ढील दी गई है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के तहत लिया गया है। इसका लाभ उन हजारों युवाओं को मिलेगा जो अब तक आयु सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे।

सरकार का यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के क्रम में 5 जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 60,244 पदों पर रिकॉर्ड भर्तियां की गई थीं।

यह अब तक की सबसे बड़ी भर्ती मानी जाती है। इनमें से 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए थे। सिपाही भर्ती-2025 की घोषणा से युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें आगामी लिखित परीक्षा पर टिकी हैं।

ये भी पढ़ें  ग्लोबल सपोर्ट और आईटी की चमक से चढ़ा बाजार, जानिए कौन से शेयर रहे मजबूत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link