Sitapur City

खाने में जली रोटी मिलने पर भड़का पति…गर्भवती पत्नी को पीटा, जलाने की कोशिश का आरोप

दहेज को लेकर पहले से चल रहा था तनाव, पीड़िता ने पति समेत चार पर लगाए गंभीर आरोप

सीतापुर, 8 फरवरी 2026:

थाना लहरपुर क्षेत्र में खाने के दौरान जली रोटी देने जैसी मामूली बात पर पति ने गर्भवती पत्नी को पीट डाला। यही नहीं डीजल उड़ेलकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश भी की। पीड़िता ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मुशियाना मोहल्ले की रहने वाली फरजाना की शादी करीब नौ महीने पहले अंसार अहमद से हुई थी। फरजाना इस समय पांच महीने की गर्भवती है। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। आए दिन मारपीट और मानसिक दबाव बनाया जाता रहा, लेकिन बदनामी के डर से वह चुप रही।

पीड़िता के अनुसार, देर रात पति खाना खा रहा था, तभी रोटी हल्की जल गई। इसी बात पर अंसार अहमद भड़क गया और मारपीट करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसकी दो ननदें सीमा और रुकसाना भी वहां पहुंच गईं और तीनों ने मिलकर गर्भवती महिला को बेरहमी से पीटा। इसके बाद उस पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई।

ये भी पढ़ें:

किसी तरह जान बचाकर पीड़िता अपने मायके पहुंची, लेकिन आरोप है कि पति वहां भी पहुंच गया और उसके साथ मारपीट की। जब पीड़िता की मां ने बीच-बचाव किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें भी पीट दिया। मारपीट में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि पति और उसके परिजन लगातार उसे जान से मारने और जिंदा जला देने की धमकियां दे रहे हैं। मामले में थाना लहरपुर में तहरीर दी गई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें  नैमिष धाम के पास दुकानों में भड़की आग, लाखों का नुकसान, व्यापारी सदमे में

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button