Hardoi City

बदला लेने के लिए की गई हत्या में शव पर मिले 24 जख्म…पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

चार साल पूर्व प्रेमी संग गांव के युवक के साथ भाग गई थी पत्नी, प्रेमी का भाई गांव आने पर पति ने परिवार संग किया हमला

हरदोई, 12 फरवरी 2026:

हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बलेहरा गांव में हुए अक्षय सिंह उर्फ अच्छे हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है। बदले की आग में की गई इस वारदात में पति पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत सिंह उर्फ पिंकू, उसके भाई जगदीश और जगदीश की पत्नी पुष्पा को पकड़ा है। तीनों बलेहरा गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो भाले और एक लाठी भी बरामद की गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा थी। साल 2022 में मृतक अक्षय का भाई आरोपी अजीत की पत्नी को अपने साथ ले गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि अक्षय अपनी वोटर आईडी लेने के लिए गांव आया था। इसी दौरान उसे घेरकर हमला किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की क्रूरता उजागर कर दी। अक्षय के शरीर पर भाले और डंडों के 24 गहरे जख्म मिले। हमला इतना बेरहम था कि उसके लीवर, फेफड़े और दिल जैसे अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना का करीब 8 सेकंड का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अक्षय पर हमला करते दिख रहे हैं। यह वीडियो पुलिस के हाथ लगा है और जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें  Hardoi: फर्राटा पंखे ने छीनी दो जिंदगियां, पत्नी को बचाने दौड़े पति की भी करंट से मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button