हरदोई, 13 जून 2026:
हरदोई के बिलग्राम में एडीएम न्यायिक के कथित फर्जी आदेश के जरिए जमीन बेचने का मामला सामने आया है। जिस जमीन का बैनामा किया गया, उस पर पहले से एडीएम न्यायिक की अदालत में मुकदमा चल रहा था। मामले की जानकारी होने पर एडीएम के पेशकार की तहरीर पर दो लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
एडीएम न्यायिक के पेशकार राजेश कुमार पाल ने बिलग्राम कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि ककराखेड़ा निवासी रामकुमार ने अपनी जमीन रामकिशोर को बेच दी। जबकि संबंधित भूमि को लेकर एक्सिस बैंक बनाम न्यू गोल्डन डेयरी का वाद एडीएम न्यायिक की अदालत में विचाराधीन है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक रामकुमार अनुसूचित जाति वर्ग से हैं, जबकि जमीन खरीदने वाले रामकिशोर अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं। ऐसे मामलों में जमीन बिक्री के लिए प्रशासनिक अनुमति जरूरी होती है। आरोप है कि जमीन से जुड़े लंबित वाद की जानकारी छिपाई गई और एडीएम की कथित अनुमति हासिल दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि एडीएम के हस्ताक्षरों को स्कैन कर जमीन बिक्री की अनुमति का आदेश तैयार किया गया। आरोप है कि इस काम के लिए बिलग्राम के एक कथित अधिवक्ता ने पूरी प्रक्रिया कराने का जिम्मा लिया था। फर्जी आदेश के आधार पर करीब तीन बीघा जमीन का बैनामा भी करा दिया गया।
बाद में जब मामले की पड़ताल की गई तो प्रशासनिक रिकॉर्ड में इस तरह की कोई अनुमति नहीं मिली। इसके बाद एडीएम के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दस्तावेजों की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






