Lucknow City

रंग लगाने के झगड़े में किशोर ने लातों से पीटा… ट्रॉमा में दम तोड़ बैठा मासूम, केस दर्ज

मोहनलालगंज क्षेत्र के नगर गांव की घटना, मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने लिखी एफआईआर, आरोपी किशोर पर गैर इरादन हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी हिरासत में

एमएम खान

लखनऊ (मोहनलालगंज), 6 मार्च 2026:

कोतवाली क्षेत्र के नगर गांव में होली खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। गांव के एक किशोर ने बच्चे की पिटाई कर दी थी। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां बीती रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नगर गांव में किराये के मकान लेकर राकेश सिंह पत्नी अंजू सिंह और चार बच्चों के साथ रहते हैं। इनमें उनका सात वर्षीय बेटा आकाश भी था। परिजनों के अनुसार बुधवार को आकाश घर के बाहर बच्चों के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान गांव का किशोर नंदू उर्फ शिवांश वहां पहुंचा और उसने आकाश को रंग लगा दिया।

ये भी पढ़ें:

इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि आकाश ने गुस्से में पत्थर उठा कर नंदू की ओर फेंक दिया। इससे नाराज होकर नंदू ने आकाश की पिटाई कर दी और उसके सीने व पेट में कई लातें मार दीं। घटना के बाद वह वहां से चला गया।

Advertisement

परिजन घायल आकाश को पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार बताया गया और उसे घर ले आए। लेकिन गुरुवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई।

मृतक की मां अंजू सिंह ने आरोपी किशोर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी किशोर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  UP IAS Transfers : 14 जिलों के DM समेत 34 अफसरों का ट्रांसफर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link