National

Nepal की राजनीति में बड़ा उलटफेर : 4 साल पुरानी RSP बनी सबसे बड़ी पार्टी, बालेन शाह का PM बनना तय

पूर्व रैपर एवं काठमांडू के मेयर रह चुके शाह ने झापा-5 सीट से चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया, पूर्व पीएम ओली बड़े अंतर से पराजित, पत्रकार रहे रवि लामिछाने ने बनाई थी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी

न्यूज डेस्क, 8 मार्च 2026:

नेपाल की राजनीति में इस बार के संसदीय चुनावों ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया है। पांच मार्च को हुए मतदान के बाद आए नतीजों में चार साल पहले बनी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी की शानदार जीत के साथ ही काठमांडू के मेयर रह चुके पूर्व रैपर बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने की राह लगभग साफ हो गई है।

चुनाव आयोग के अनुसार अब तक घोषित नतीजों में आरएसपी ने 112 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 13 सीटों पर वह आगे चल रही है। यह पार्टी केवल चार साल पहले पत्रकार रहे रवि लामिछाने ने स्थापित की थी लेकिन बेहद कम समय में इसने नेपाली राजनीति में मजबूत पकड़ बना ली है।

अन्य प्रमुख दलों की बात करें तो नेपाली कांग्रेस को 16 सीटों पर जीत मिली है और वह एक सीट पर आगे चल रही है। वहीं कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) ने 7 सीटें जीती हैं और 3 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। इसके अलावा नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी को 5 सीटों पर जीत और 3 सीटों पर बढ़त मिली है। अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीती हैं और 2 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

कई बड़े नेताओं ने भी चुनाव में जीत हासिल की है। आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने चितवन-2 सीट से 54,402 वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने मीना कुमारी खरेल को बड़े अंतर से हराया। वहीं नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने रुकुम पूर्वा सीट से जीत दर्ज की।

इस चुनाव की सबसे बड़ी खबर बालेन शाह की जीत रही। पूर्व रैपर एवं काठमांडू के मेयर रह चुके शाह ने झापा-5 सीट से चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया। उन्होंने नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को बड़े अंतर से पराजित किया। शाह को 68,348 वोट मिले जबकि ओली को 18,734 वोटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद केपी शर्मा ओली ने भी बालेन शाह को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बालेन बाबू, आपको जीत की हार्दिक बधाई। आपका पांच साल का कार्यकाल सुगम और सफल हो, यही मेरी शुभकामनाएं हैं।

गौरतलब है कि नेपाल की संसद की कुल 275 सीटों में से 165 सीटों पर सीधे चुनाव होते हैं। इस बार के चुनावों में 10 महिला उम्मीदवार भी विजयी हुई हैं, जिनमें से 9 आरएसपी और एक नेपाली कांग्रेस से हैं। इन नतीजों ने साफ संकेत दे दिया है कि नेपाल की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button