लखनऊ, 15 मार्च 2026:
यूपी के बदायूं जिले में स्थित सीबीजी प्लांट में एचपीसीएल के दो अधिकारियों की हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम के निर्देश पर बरेली मंडल के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया है। यह टीम पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करेगी।
सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई की गई है और पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईटी घटना से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच करेगी जिससे किसी भी प्रकार की लापरवाही, साजिश या अन्य आपराधिक संलिप्तता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
जनपद बदायूं के CBG प्लांट की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर त्वरित कार्रवाई की गई है।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हेतु मंडलायुक्त बरेली की अध्यक्षता में एक SIT का भी गठन किया गया है।
इस संबंध में अवगत कराना है कि दोषी पहले ही गिरफ्तार है, परंतु इसके बाद भी कोई साजिश की संभावना दिखती…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 14, 2026
सीएम ने कहा कि इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या साजिश के संकेत मिलते हैं तो प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई करेगी।
घटना के बाद प्रशासन ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं। सीबीजी प्लांट परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना कर दी गई है जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले अधिकारियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जाए तथा किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।






