देहरादून, 21 मार्च 2026:
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ हैः इसका प्रभाव अगले कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और चमक की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक वाले बादलों के विकसित होने की चेतावनी भी दी गई है।

वहीं, 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने से पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और बढ़ सकती है। इसका असर जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया जबकि पहाड़ों में सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। देहरादून, टिहरी और नैनीताल में भी हल्की बारिश और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है।
मौसम विभाग ने खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने और ताजा मौसम अपडेट लेकर ही सफर करने की सलाह दी है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम साफ होने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की उम्मीद भी जताई गई है।






