राजकिशोर तिवारी
बागेश्वर, 13 जून 2026ः
उत्तराखंड में प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा के बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। यूथ कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन कर मंत्री का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने मंत्री से बयान को वापस लेने की मांग की।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार ने प्रभारी मंत्री के बयान को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक नेता को भगवान की संज्ञा देना उचित नहीं है। उनका कहना था कि इस तरह की बयानबाजी जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वाली है और जनप्रतिनिधियों को ऐसे विवादित बयानों से बचना चाहिए।
यूथ कांग्रेस नेता बालकृष्ण ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना है, न कि व्यक्ति पूजा को बढ़ावा देना। उन्होंने मांग की कि राम सिंह कैड़ा अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें और उसे वापस लें। यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बयान वापस न लिया तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार और प्रभारी मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
बता दें कि प्रभारी मंत्री ने शुक्रवार को बागेश्वर में पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘दूसरे भगवान’ की संज्ञा देते हुए कहा था कि उनके नेतृत्व में देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।






