हरदोई, 21 मार्च 2026:
शादी से पहले होने वाली दुल्हन ने मोबाइल लेने से इनकार किया तो युवक ने शादी तोड़ दी। शादी के लिए बरात 25 अप्रैल को जानी थी। युवक के मुकरने पर मामला बढ़ गया। दोनों पक्ष हरियावां थाने पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कर लिया गया।
मझिला थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी हरियावां क्षेत्र के युवक से तय हुई थी। गत 5 नवंबर 2025 को तिलक भी हो चुका था और 25 अप्रैल को शादी की तारीख तय थी। दोनों परिवार तैयारियों में जुटे थे, गेस्ट हाउस बुकिंग से लेकर जेवर और अन्य सामान की खरीदारी भी हो चुकी थी।
इसी बीच युवक अपनी होने वाली पत्नी से परिजनों के फोन पर बात करता था। उसने युवती को नया मोबाइल देने की बात कही, ताकि दोनों सीधे बात कर सकें, लेकिन युवती ने मोबाइल लेने से इनकार कर दिया। इसी बात पर युवक नाराज हो गया। उसने पहले फोन काट दिया और बाद में बिना कोई ठोस वजह बताए शादी से मना कर दिया। परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
इसके बाद युवती के पिता ने हरियावां थाने में शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बात कराई, लेकिन युवक और उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष आपसी सहमति से एक-दूसरे का सामान वापस करने पर राजी हो गए हैं।






