लखनऊ, 24 मार्च 2026:
शहर की मल्टीलेवल पार्किंग में मिल रही शिकायतों के बीच मंगलवार को नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया। महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने हजरतगंज और केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सामने बनी पार्किंग का निरीक्षण किया। अचानक हुए दौरे से वहां मौजूद स्टाफ में हड़कंप मच गया।

सबसे पहले टीम हजरतगंज की मल्टीलेवल पार्किंग पहुंची। यहां लिफ्ट बंद मिली, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। बेसमेंट में अवैध तरीके से कार बाजार और गैराज चलता मिला। इस पर मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दोनों को सील कर दिया गया।
पार्किंग के अलग-अलग फ्लोर पर गंदगी फैली मिली। टॉयलेट भी बंद पड़े थे। इस पर महापौर ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तुरंत सफाई व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और जोनल सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक को साफ-सफाई और सुविधाएं दुरुस्त करने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान मौके से लैपटॉप और अन्य सामान बरामद हुआ। इससे अवैध गतिविधियों के चलने के संकेत मिले हैं। इसके बाद टीम केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सामने बनी पार्किंग पहुंची। यहां भी हालात बेहतर नहीं मिले।

परिसर में गंदगी थी और अवैध गैराज और कार बाजार संचालित होते पाए गए। महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि आरटीओ से तालमेल बनाकर पार्किंग में लंबे समय से खड़ी गाड़ियों की जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें जब्त किया जाए। साथ ही अवैध रूप से काम कर रहे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने साफ कहा कि नगर निगम की संपत्तियों का गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं होगा। शहर में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए, इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।






