बिजनेस डेस्क, 25 मार्च 2026:
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत मिलते ही कच्चे तेल की कीमतों में नरमी दिखी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 4.78 फीसदी गिरकर 99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कुल मिलाकर तेल की कीमतों में पांच फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार को राहत मिली है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की कोशिशें तेज हुई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने 15 बिंदुओं का प्रस्ताव रखा है ताकि चल रहा तनाव खत्म हो सके। हालांकि ईरान ने सीधे बातचीत से इनकार किया है, लेकिन समझौते की उम्मीदों ने बाजार का रुख बदल दिया है।

तेल की कीमतों में गिरावट का असर शेयर बाजार पर भी दिखा। बुधवार को भारतीय बाजार बढ़त के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 885 अंक चढ़कर 74,953 के करीब पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 307 अंक बढ़कर 23,220 के आसपास ट्रेड करता दिखा।
मुद्रा बाजार में रुपया दबाव में रहा। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 93.96 पर आ गया। एशियाई बाजारों में भी तेजी का माहौल रहा। जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, ताइवान और हांगकांग के बाजार बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। इसके उलट अमेरिकी बाजार पिछली ट्रेडिंग में गिरावट के साथ बंद हुए थे।
कमोडिटी बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया। 24 कैरेट सोना करीब 3.37 फीसदी बढ़कर 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी 4.82 फीसदी चढ़कर 2,34,542 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गई।






