Barabanki City

ईंधन की मारामारी के बीच तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों संग बैठक…हर पंप की होगी निगरानी

बैठक में कहा गया अफवाहों से बढ़ी ढाई गुना अधिक बिक्री, सक्रिय पेट्रोल पंपों पर इसीलिए जुट रही भीड़, कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक

बाराबंकी, 27 मार्च 2026:

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल-डीजल की भविष्य में किल्लत की आशंका को लेकर वर्तमान में मारामारी मची है। तमाम पंप पर स्टॉक नहीं है तो जहां है वहां मेला लगा है। इस बीच उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए डीएम शशांक त्रिपाठी ने सभी ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में पर्याप्त स्टॉक की बात दोहराई गई और संयम बरतने को कहा गया।

बता दें कि पेट्रोल व डीजल की अचानक बढ़ी मांग के चलते शहर व ग्रामीण इलाकों में अफरातफरी का माहौल बन गया है। स्थिति यह है कि पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं और कई जगहों पर सुबह से दोपहर तक भी लोगों को ईंधन के लिए इंतजार करना पड़ा। जिन पेट्रोल पंपों पर तेल उपलब्ध है, वहां भारी भीड़ देखने को मिल रही है

WhatsApp Image 2026-03-27 at 5.38.58 PM

इस बीच डीएम ने एडीएम निरंकार सिंह तथा जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी के साथ एक बैठक की। बैठक में आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखने तथा पंपवार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कहा कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है, जिससे कहीं भी कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 247 पेट्रोल पंप संचालित हैं तथा वर्तमान में 2580 केएल डीजल एवं 1860 केएल पेट्रोल उपलब्ध है। आज प्रातःकाल तक 1426 केएल डीजल एवं 820 केएल पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण गत दिवस की तुलना में लगभग ढाई गुना अधिक बिक्री हुई, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव की स्थिति उत्पन्न हुई है।

इस दौरान ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि डिपो में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति निरंतर बनाए रखी जा रही है। डीएम ने पेट्रोल पंपवार स्टॉक की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऑयल कंपनियों के अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे एवं सायं 8 बजे स्टॉक की सूचना जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं तथा डिपो से जनपद हेतु भेजे गए ईंधन की जानकारी भी साझा करें।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button