योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 17 अप्रैल 2026:
चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हरिद्वार में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ऋषिकुल मैदान में बनाए गए केंद्र पर पहले दिन ही बाहर से पहुंचे यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किया गया। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व एसएसपी नवनीत भुल्लर ने तीर्थयात्रियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
पंजीकरण केंद्र पर सीमित संख्या में काउंटर लगाए गए हैं, जहां लगातार रजिस्ट्रेशन हो रहा है। जरूरत पड़ने पर मोबाइल टीम भी तैनात की गई है, जो अलग-अलग ठिकानों पर रुकने वाले यात्रियों का पंजीकरण करेगी। पहले दिन मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के एक दल का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिनका स्वागत भी किया गया।

बता दें डीएम के निर्देश पर प्रशासन ने व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को सक्रिय कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की व्यवस्था रखी गई है। वहीं साफ पानी, अस्थायी शौचालय और सफाई व्यवस्था पर भी फोकस किया गया है। नगर निगम और जल संस्थान की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात की है। भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक को लेकर खास प्लान तैयार किया गया है। घाटों पर जल पुलिस भी तैनात रहेगी। डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारू रहेंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखें और प्रशासन का सहयोग करें।






