राजकिशोर तिवारी
यमकेश्वर, 20 अप्रैल 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को यमकेश्वर के वानप्रस्थ आश्रम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कथा श्रवण किया और व्यास पीठ पर मौजूद गोविन्द देव गिरी महाराज से आशीर्वाद लिया।
धामी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा इंसान को धर्म, ज्ञान और भक्ति के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह जीवन को सही दिशा दिखाने का काम करती है और सोच को सकारात्मक बनाती है। उन्होंने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रहे कामों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों को चौड़ा करने और मजबूत बनाने का काम तेजी से हुआ है, जिससे अब यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इनमें कालसी-हरीपुर क्षेत्र में यमुना किनारे घाट निर्माण, शारदा कॉरिडोर, हरिद्वार- ऋषिकेश कॉरिडोर और दून विश्वविद्यालय में हिंदू स्टडीज सेंटर की स्थापना शामिल है। यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि सरकार की योजनाओं से क्षेत्र में विकास को रफ्तार मिली है और लोगों को सीधा फायदा हो रहा है। परमार्थ आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि भागवत कथा लोगों को नैतिक मूल्यों और सेवा की भावना से जोड़ती है।
READ MORE






